(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू”)
खैरागढ़ : गणेश झांकी विसर्जन के दौरान सोमवार सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दाऊचौरा में गणेश विसर्जन स्थल पहुँचने के कुछ दूर पहले सांस्कृतिक भवन के पास दो युवकों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक ने अपने ही साथी दाऊचौरा निवासी दीपक यादव 21 वर्ष पिता स्व. रमेश यादव पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रातभर डीजे की धुन पर युवाओं ने नाच-गाना किया और सुबह-सुबह अचानक ऐसा क्या हुआ की दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया, कि चाकूबाजी की नौबत आ गई और दीपक को पीठि, कमर और हाथ पर चाकू से वार किया गया। जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत मोटरसाइकिल से सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुँचाया,जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवागृह भेजा गया है। फिलहाल चाकू मारने वाला युवक अज्ञात है। पुलिस विसर्जन में शामिल अन्य युवाओं से पूछताछ कर रही है। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से सिविल अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



