एयरपोर्ट पर हुई एयर ट्रैफिक कंट्रोल की समस्या के कारण अब तक 200 से अधिक उड़ान निर्धारित समय से दो ढाई घंटे की देरी से हैं। 3 प्रतिशत उड़ान रद भी कर दी गईं हैं। दरभंगा की स्पाइसजेट की उड़ान रद हो गई है। कुछ शहरों की उड़ान पांच सात घंटे तक भी विलंब से रहीं।
वहीं, दिल्ली से बनारस की साढ़े सात घंटे लेट रही। इसी तरह इंडिगो की देहरादून की उड़ान पांच घंटे लेट हुई। विमान क्रू और एटीसी के बीच कम्युनिकेशन ठप हो जाने के कारण ये समस्या बनी। लंबी प्रतिक्षा के बाद एटीसी ने मैन्युअली काम करना शुरू किया, जिसके बाद कुछ स्थिति सुधरी, लेकिन उड़ान में देरी और रद होने का क्रम दिनभर जारी रहेगा।
बताया गया कि समय बीतने के साथ इसका असर आगमन की उड़ानों पर भी नजर आएगा। क्योंकि कई उड़ानें ऐसी है, जो दिल्ली से प्रस्थान के बाद गंतव्य से फिर दिल्ली लौटती हैं। वे अब या तो विलंबित होंगी या उन्हें रद करना पड़ेगा। कुल मिलाकर आज का दिन उड़ानों के लिहाज सही नहीं है।
क्यों हो रही उड़ान में देरी
स्पाइसजेट, एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर एटीसी सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते उनकी फ्लाइट्स प्रभावित हो रही हैं। इसी वजह से यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सिस्टम में आई तकनीकी दिक्कत की वजह से उड़ानें विलंबित हैं।

बता दें कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यहां से रोजाना 1,500 से ज्यादा उड़ानें आती-जाती हैं।
क्या है तकनीकी खराबी की वजह
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इस मामले पर एक्स (X) पर डाली एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है, क्योंकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल डेटा को सपोर्ट करने वाली ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस) में तकनीकी खराबी आई है। नियंत्रक फ्लाइट प्लान को मैन्युअली प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे कुछ देरी हो रही है।



