राजनांदगांव (दावा)। लालबाग पुलिस ने अमानत पर खयानत (विश्वासघात) के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से माल चोरी कर उसे कबाड़ी में बेचने वाले चालक और खरीदने वाले कबाड़ी संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है मामला?
प्रार्थी ने दिनांक 13 नवंबर को थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका कंटेनर ट्रक क्रमांक एम.एच 20 ईजी 4295 चालक कमलेश शुक्ला द्वारा 13 अक्टूबर को ओडि़शा से 7.350 टन वजन के कार्टून बाक्स लोड किए गए थे। जिसे 17 अक्टूबर तक नागपुर के के.बी.बोर्ड लिमिटेड में पहुंचाना था। गत 18 अक्टूबर को प्रार्थी के चाचा ने उक्त कंटेनर ट्रक को राजनांदगांव के जे.एम. पेट्रोल पंप के पास खाली और बिना ड्राइवर के खड़ा पाया। चालक कमलेश शुक्ला ने ट्रक में लोड लगभग 1,32,000 रुपये मूल्य के कार्टून बाक्स को अन्य जगह बेच दिया था और ट्रक को छोडक़र फरार हो गया था। इस रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 504/2025 धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सहयोग से ड्राइवर कमलेश शुक्ला को धरसींवा जिला रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए कार्टून बाक्स को धरसींवा स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेच दिया था और खाली ट्रक को राजनांदगांव में छोडक़र भाग गया था। चालक कमलेश शुक्ला की निशानदेही पर कबाड़ी दुकान संचालक अमित सायतोडे को भी हिरासत में लिया गया। जिसने चोरी का माल खरीदना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक कीमत 10,00,000 रूपए आरोपी से नगद 5,000 रूपए और 1 नग मोबाइल कीमत 10,000 रूपए को जब्त किया है। इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, प्र.आर. प्रभात तिवारी, म.प्र.आर. खुशबु नागवंशी, आर. प्रशांत भदौरिया, और आरक्षक कमल किशोर यादव की भूमिका सराहनीय रही।


