राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया है।
श्री शर्मा ने कहा कि यह परिणाम स्पष्ट संकेत देता है कि देश की जनता अब विकास, स्थिरता और सुशासन को ही प्राथमिकता दे रही है। बिहार जैसे बड़े राज्य में इस प्रकार की निर्णायक जीत यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियां और एनडीए सरकार की जमीनी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि जनआस्था और जनविश्वास की जीत है। बिहार की जनता ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह अब विकास के मार्ग पर चलने वाले नेतृत्व को ही स्वीकार करती है। यह परिणाम देशभर के लिए एक प्रेरणा है कि ईमानदार नेतृत्व, पारदर्शी शासन और जनकल्याणकारी योजनाएं ही लोकतंत्र की असली ताकत हैं।
ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा चुनाव हेतु भाजपा संगठन ने श्री शर्मा को राज्य के चार बड़े जिलों में प्रचार-प्रसार एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी थी। इनमें गया, औरंगाबाद, नवादा और जहानाबाद जिलों में कुल मिलाकर 24 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें लगभग 18 विधानसभा सीटों पर एनडीए निर्णायक बढ़त के साथ जीत दर्ज कर चुकी है। जबकि विगत विधानसभा चुनाव में इन जिलों में एनडीए ने केवल 4 सीटों पर ही जीत दर्ज की थी।



