(युगांतर में स्किल फेस्ट नव सृजन का भव्य आयोजन)
राजनांदगाँव । युगांतर पब्लिक स्कूल में प्रातः 10 बजे से स्किल फेस्ट नव सृजन का भव्य आयोजन डाॅ एनी थामस एचओडी आईटी, भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दुर्ग तथा उपेन्द्र प्रसाद रिसर्च स्कॉलर आईटी, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रायपुर, विजिटिंग फैकल्टी केके मोदी युनिवर्सिटी दुर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डाॅ एनी थामस ने कहा कि स्कूल लाइफ की खुशी आत्म विश्वास , दृढ़-निश्चय, कठिन परिश्रम से दुगुनी होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने सभी कार्यों को आत्म-विश्वास, दृढ़-निश्चय, कठिन परिश्रम से पूरा करना चाहिए। विद्यार्थी इनसे कॅरियर के क्षेत्र में मनवांछित सफलता अर्जित कर सकते हैं। हम क्या बनना चाहते हैं, इस पर ध्यान केन्द्रित करने का आवश्यकता होती है, लोग क्या बन रहे हैं-इस पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। विद्यार्थियों को कॅरियर निर्माण में इसी सूत्र को अपनाना चाहिए। इसी तरह उपेन्द्र प्रसाद ने कहा कि युगांतर का स्किल फेस्ट नव सृजन कठिन परिश्रम और कल्पनाशीलता के आधार पर उच्च मुकाम तक पहुँचा है। यह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी प्लेटफार्म प्रदान किया है। विद्यार्थियों को हार-जीत की परवाह किए बगैर विद्यालय के हर कार्यक्रम में भाग लेना चाहिए। इससे विद्यार्थी के सुन्दर व्यक्तित्व का निर्माण होता है।
स्किल फेस्ट नव सृजन की शुरूआत माता सरस्वती की पूजा अर्चना से हुई। इस दौरान अपने स्वागत भाषण में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष कंचन सोहल ने कहा कि स्किल फेस्ट विद्यार्थियों की ज्ञान की यात्रा को प्रगति पथ ले जाने पर सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी विषयों के निर्णायकों और दोनों मुख्य अतिथि इस बृहद आयोजन में सम्मिलित होने पर हर्ष प्रकट किया। उद्बोधन के बाद गणमान्य अतिथियों ने विज्ञान प्रदर्शनी सहित अंग्रेजी, हिन्दी-संस्कृत, आर्ट, सामाजिक विज्ञान, मैथ्स, आई टी, स्पोर्ट्स व कामर्स सहित सभी विषयों की प्रदर्शनी का रिबन काटकर विधिवत शुरूआत की। इस आयोजन में सभी वर्ग के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस आयोजन के मुख्य आकर्षण वायरलेस सर्विंग रोबोट, स्पेस टाइम रिलेशन और टाइम ट्रेवल की संभावना, राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी हेतु चयनित माॅडल गोल्डन एस्थेटिका, क्षेत्रीय विज्ञान प्रदर्शनी रायपुर में सराहनीय माॅडल बायो-मैकेनिकल स्मार्ट फुटवियर, आई डोनेट ब्लड, ऑटोमैटिक बीएमआई केलक्यूलेटर, केदारनाथ रोप-वे, प्लाज्मा गन सहित अत्याधुनिक तकनीकी को प्रदर्शित करते हुए कई मॉडल्स रहे। इस आयोजन में प्री प्राइमरी और प्राइमरी विभाग के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके द्वारा बनाए गए माॅडल ग्लोबल एनर्जी सोर्स, स्टेशनरी मार्केट, एलेक्स ऑन युवर फिंगर, फिगर मि आउट, हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर जनरेटर, इकोस ऑफ वृन्दावन, ब्यूटीफुल छत्तीसगढ़, पोट्री गार्डन, ड्रिप इरिगेशन, अर्थ क्वेक डिटेक्टर ने भी खूब वाह-वाही बटोरी। इसके अलावा इस प्रदर्शनी में विज्ञान विभाग के नुक्कड़ नाटक में सस्टैनेबल डेवलपमेंट (सतत विकास) तथा हिंदी विभाग की लाइव प्रस्तुति में हिंदी भाषा के इतिहास को भी प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया। इसी तरह वाणिज्य विभाग के माॅडल शार्क टैंक और बेटल ऑफ बिजनेस आइडिया की प्रभावी प्रस्तुतियाँ हुई।
हिंदी संस्कृत की प्रदर्शनी में व्याकरण के ज्ञान के साथ राम शलाका प्रश्नावली, वैदिक इतिहास का प्रभावी प्रदर्शन हुआ। इसी तरह अंग्रेजी की प्रदर्शनी में व्याकरण के ज्ञान के साथ रीडिंग हैबिट को विकसित करने के गुर बताए गए। गणित की प्रदर्शनी में रेखा गणित की संरचना की प्रभावी रूप में प्रस्तुति हुई। सामाजिक विज्ञान की प्रदर्शनी में ज्वाला-मुखी और भूकंप आने के कारणों की पड़ताल हुई। कला प्रदर्शनी में कलात्मक चित्रों को प्रदर्शित किया गया। आई टी प्रदर्शनी में कम्प्यूटर के व्यावहारिक ज्ञान को दर्शाया गया। स्पोर्ट्स की प्रदर्शनी में खेल के मैदानों के साथ विविध गेम खेलने की प्रकिया को प्रभावी रूप से समझाया गया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए विद्यालय के निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी, वाइस चेयरमैन अखराज कोटड़िया, सेक्रेटरी विनय डड्ढा, कोषाध्यक्ष मिश्रीलाल गोलछा, निदेशक (अकेडमिक्स) नरेंद्र कोटड़िया, डाॅ मोहन पारख, प्राचार्य मधुसूदन नायर, हैड मिस्ट्रेस विनिता तिलवानी सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। यह बृहद आयोजन विद्यालय के प्राचार्य और प्रबंध समिति के कुशल मार्गदर्शन तथा सभी विषयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के असीम सहयोग से सफलता के लक्ष्य तक पहुँचा। पालकों ने इस आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा की।


