राजनांदगांव (दावा)। शहर में गंज चौक से लेकर कन्हारपुरी तक रोड चौड़ीकरण के लिए सडक़ के 10-10 मीटर के रेंज में आने वाले घर, मकान, दुकान को तोड़ें जाने हेतु मार्किंग किए जाने से लोग इसके विरोध में आ गए और जमकर बवाल काटते हुए, लखोली नाका चौक में अपना आक्रोश दिखाया। इस दौरान चौक में हो-हल्ले की स्थिति निर्मित रही। मामला बिगड़ते देख कोतवाली पुलिस स्थित संभालने मौके पर पहुंची। हालांकि सडक़ चौड़ीकरण का विरोध करने चौक में एकत्रित हुई भीड़ उग्र नहीं हुई। चौक में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाएं एवं पुरुषों की भीड़ ने कानून सम्मत कदम उठाने के लिए आज मंगलवार को एसडीएम के समक्ष ज्ञापन सौंप कर लखोली नाका चौक में सडक़ जाम करने के लिए उतरने की बात कही है।
शहर विकास के लिए 64 करोड़ का खाका तैयार
बता दें कि शहर विकास के लिए गंज चौक से कन्हारपुरी तक सडक़ चौड़ीकरण व आडिटोरियम के लिए 64 करोड़ का खाका तैयार है। इसकी प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर नगर निगम एक्टिव हो गया है। निगम कर्मियों द्वारा सडक़ के दोनों ओर के घर दुकान मकानों को तोड़ें जाने का मार्किंग किए जाने पर वार्डवासी भडक़ गए और उक्त क्षेत्र में वर्षो से निवास करने वार्डवासी चौक पर आकर अपने गुस्से का इजहार किया।
लोगों का कहना है कि पहले सडक़ के दोनों ओर के 7-7 मीटर के घर दुकान मकान चपेट में आने की बात कही गई है। अखबारों में इसका प्रकाशन भी हुआ था। लेकिन अब इसे बढ़ा कर 11-11 मीटर कर दिया गया है। इससे उनके घर मकान दुकान सभी चपेट में आ जाएंगे। उक्त चौड़ीकरण की चपेट उनके रिहायसी मकान दुकान आदि को चपेट में आते देख लोग अपना गुस्सा संभाल नहीं पाए और उनका आक्रोश फूट पड़ा। इससे देर तक चौक में हो-हल्ले की स्थिति निर्मित रही।
इस तरह होने जा रहा सडक़ चौड़ीकरण
बताते चलें कि गंज चौक से कन्हारपुरी तक होने वाले सडक़ चौड़ीकरण में सडक़ की दोनों ओर के 24 मीटर के जद में आने वाले अतिक्रमण हटाया जाना तय हुआ था। बाद में इसे 20 से 22 मीटर कर दिया गया है। इसमें सडक़ के बीचों-बीच रोड डिवाइडर तथा इसके दोनों ओर नालियों व राइजिंग पाइप लाइन बिछाया जाना शामिल हैं। इस चौड़ीकरण से लखोली नाका चौक स्थित बहुत पुराना शिव मंदिर व अभी-अभी नया बने जलाराम स्वीट्स सहित करीने से मकान दुकान होटल पान ठेले इसकी चपेट मे आ रहें हैं। वहीं इसके बायीं ओर की पूर्व पार्षद गप्पु सोनकर का बहुमंजिला इमारत सहित पूरे लखोली कन्हारपुरी तक के रिहायशी मकान दुकान इसके चपेट में आ रहे हैं। इसी तरह के हालात दूसरी ओर के भी बने हुए हैं। इससे इस क्षेत्र के लोगों को अपने रहने-बसने व रोजी-रोजगार की चिंता उपस्थित हो गई है। यही वजह है कि इस चौड़ीकरण का विरोध करने सामने आ रहे हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि उक्त चौड़ीकरण की जद में आने वाला एक भी निजी भूमि नहीं है। जबकि देखने में ऐसा नजर नहीं आता। नगर निगम ई ई दीपक कुमार खांडे ने बताया कि गंज चौक से कन्हारपुरी तक रोड के चौड़ीकरण हेतु मार्किंग किए जाने के बाद आगे का काम शुरू कर दिया जाएगा। चूंकि यह प्रशासनिक कार्य है इसलिए इसमें अभी थोड़ा समय लग सकता है।
बहरहाल गंज चौक से कन्हारपुरी रोड तक के सडक़ चौड़ीकरण के लिए मार्किग का काम शुरू होते ही इसके विरोध में स्वर बुलंद होने शुरू हो गए है। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग अपना विरोध प्रकट करने लखोली नाका चौक पर भीड़ की शक्ल में एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। आज मंगलवार को इस चौड़ीकरण के विरोध में लखोली नाका चौक में चक्का जाम करने की तैयारी की जा रही है।



