संस्कारधानी में कार्यकर्ताओं से की भेंट; बोले- कांग्रेस विपक्ष में असरदार है, इसलिए सरकार बल प्रयोग कर रही है
राजनांदगांव (दावा)। संस्कारधानी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव बाबा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भेंट की और एक प्रेसवार्ता को संबोधित किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। टी.एस. सिंहदेव ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार और ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ में खासकर राजनांदगांव में कांग्रेस को मजबूत बनाने और एकजुट होने के दिशा-निर्देश दिए।
कांग्रेस विपक्ष में असरदार
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में असरदार है, इसलिए शासन उन पर बल का प्रयोग करती है। उन्होंने रायगढ़, उदयपुर, भेडिक़ला, परसोडिकला में आंदोलनकर्ताओं पर तथा रायपुर में जीविका चला रहे लोगों पर किए जा रहे बल प्रयोग का उदाहरण दिया।
एसआईआर प्रक्रिया पर तंज
निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाताओं की लिस्ट शुद्धीकरण अभियान (एसआईआर) पर तंज कसते हुए टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि जो कार्य निर्वाचन आयोग का है, उसे बीएलओ के माध्यम से कराया जा रहा है। भारत का नागरिक कहलाने के लिए लोग नाम जुड़वाने हेतु आधार डॉक्यूमेंट पर सुधार करवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, यह आम आदमी को परेशान करने का अच्छा अभियान चलाया जा रहा है।
नक्सलवाद और शिक्षा पर गंभीर चिंता
नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि कार्यवाही अंतिम चरणों की ओर बढ़ रही है और हम सभी चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ जल्द से जल्द नक्सलवाद मुक्त बने। वहीं शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इन दो सालों में सरकार ने शिक्षकों की सोच को बदलकर रख दिया है, जो अफसोसजनक है। जो शिक्षक अब बच गए हैं, वह अब कुत्तों की गिनती करने में जुटे रहेंगे। सरकार को अपनी और शिक्षकों की गरिमा को ध्यान में रखते हुए उन्हें कार्य सौंपना चाहिए।



