राजनांदगांव (दावा)। मानव मंदिर चौक स्थित तिरुपति काम्प्लेक्स में 12 दिसंबर को एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जो मानवीय संवेदनाओं की गहरी छाप छोड़ता है। प्रतिष्ठित समाजसेवी दिवंगत देवकरण जी राठी की स्मृति में आयोजित इस नि:शुल्क स्पीच थैरेपी एवं स्पेशल एजुकेशन क्लास का उद्देश्य है,उन मासूम आवाज़ों को स्वर देना जो बोल नहीं पाते या हकलाहट-तुतलाहट के कारण खुद को व्यक्त नहीं कर पाते हैं।
गौरतलब है कि, इस विशेष पहल में स्पीच थैरेपी विशेषज्ञ एवं स्पेशल एजुकेटर श्रीमती रजनी राठी अपनी सेवाएँ नि:शुल्क प्रदान करेंगी। वे वर्षों से ऐसे बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बनी हुई हैं, जो बोलने में कठिनाई का सामना करते हैं। बच्चों की मुस्कान और उनके चेहरे पर उभरते आत्मविश्वास में वे अपना असली पुरस्कार देखती हैं। यह क्लास सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनेक परिवारों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाली है। नया रजिस्ट्रेशन के लिए अग्रिम पंजीयन 8770218536 अनिवार्य है।
स्व. देवकरण जी राठी का जीवन समाज सेवा की मजबूत नींव पर आधारित था। उन्होंने माहेश्वरी समाज के प्रथम देहदान कर्ता के रूप में मानवीय मूल्यों की नई परिभाषा सिखाई। ‘बढ़ते कदम’ संगठन के माध्यम से उन्होंने परोपकार की ऐसी मिसाल रखी, जो आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उनकी स्मृति में आयोजित यह नि:शुल्क थैरेपी क्लास न केवल उनके आदर्शों का सम्मान है, बल्कि यह संदेश भी कि समाज बदलाव तब देखता है, जब एक इंसान दिल से आगे बढक़र योगदान देता है।



