कहा- दो माह से वेतन नहीं देने वाली संचालक समिति पर हो कार्यवाही, डबल इंजन की हवा निकली
राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस के कर्मचारियों को विगत दो माह से वेतन न दिए जाने पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे बेहद अमानवीय कृत्य बताया है। उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने और संचालक समिति पर कार्रवाई करने की मांग की है। मिश्रा ने कहा कि एक ओर नए श्रमिक कानून में सरकार असंगठित सेक्टर के लिए कोई ठोस नीति नहीं बना पाई है, दूसरी ओर कर्मचारियों का वेतन रोकने का कार्य किया जा रहा है।
वेतन रोकने का कारण
कर्मचारियों द्वारा अधिकारियों से चर्चा करने पर यह जानकारी मिली कि संचालक 108 स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर द्वारा मासिक बिल का भुगतान विगत दो माह से संचालक समिति को नहीं किया गया है। मिश्रा ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में डबल इंजन की हवा निकल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर स्वास्थ्य मंत्री शराब ठेकों का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री केवल रबर स्टाम्प बनकर रह गए हैं।
आर्थिक स्थिति दयनीय
कांग्रेस नेता ने बताया कि कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति इस विलंब के कारण बेहद दयनीय हो चुकी है और उन्हें आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों का इसमें कोई दोष नहीं है। इसलिए सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए संचालक समिति को त्वरित रूप से वेतन प्रदान करने निर्देशित करे। वेतन भुगतान न किए जाने की स्थिति में संचालक समिति पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करे।


