Home छत्तीसगढ़ निजी एंबुलेंस वालों की दादागिरी से तंग, मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों ने लालबाग...

निजी एंबुलेंस वालों की दादागिरी से तंग, मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों ने लालबाग थाने में बोला धावा…

31
0

सुरक्षा की लगाई गुहार, सफाई कर्मचारियों से मारपीट के बाद अस्पताल में तनाव

राजनांदगांव (दावा)। राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय परिसर में प्राइवेट एंबुलेंस चालकों की दादागिरी और मारपीट से तंग आकर अस्पताल के सफाई कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने गुरुवार को लालबाग थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। अस्पताल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निजी एंबुलेंस वालों के कारण परिसर में आए दिन झगड़ा-लड़ाई की नौबत आ रही है।

प्रवेश निषेध के बावजूद दबदबा
शिकायत के अनुसार, निजी एंबुलेंस वाले मरीजों को बरगलाकर जबरदस्ती अन्य निजी अस्पतालों में ले जाने की कोशिश करते हैं। उनकी दादागिरी की शिकायतें पहले भी सुर्खियों में आ चुकी हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता से उनके हौसले बुलंद हैं। सुरक्षा गार्ड सुपरवाइजर पवन साहू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अधीक्षक के आदेशानुसार पीआरओ एवं प्राइवेट एंबुलेंस वालों का हास्पीटल परिसर अंदर प्रवेश वर्जित है। इसके बावजूद वे प्रवेश निषेध की पट्टिका को अनदेखा कर धड़ल्ले से गेट के सामने एंबुलेंस खड़ी कर देते हैं। मना करने पर वे गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।

सफाई कर्मचारियों से मारपीट
गुरुवार 11 दिसंबर को सफाई कर्मचारी व प्राइवेट एंबुलेंस वाले एक बार फिर आपस में भिड़ गए। सफाई महिला कर्मचारियों की सुपरवाइजर देवश्री सिन्हा ने बताया कि अधीक्षक के आदेशानुसार निजी एंबुलेंस वाहन को बाहर ले जाकर खड़ी करने के लिए कहा गया तो वे गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने बताया कि गेट पर लेडीज सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद उक्त तत्व गंदी गाली-गलौज करते हैं। जिससे महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहर गाड़ी खड़ी करने को कहने पर एंबुलेंस वाले बिफर गए और बाहर से गुंडे बुलाकर सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चाकू लेकर दौड़ाने और धमकी देने का आरोप
प्राइवेट एंबुलेंस वालों के गुंडों द्वारा मारपीट किए जाने से भयभीत सुरक्षा कर्मियों ने लालबाग थाने पहुंचकर टी.आई. राजेश कुमार साहू के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षा की मांग की। सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। जब प्राइवेट एंबुलेंस वालों ने उन्हें मारने के लिए चाकू लेकर दौड़ाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस वाले ड्यूटी खत्म कर शहर की ओर आने पर देख लेने की धमकी देते हैं। सुरक्षा कर्मियों ने धमकी देने और मारपीट की स्थिति पैदा करने वालों में तथागत एंबुलेंस वाले पप्पू मेश्राम और साहिल का नाम बताया है। अस्पताल कर्मचारियों ने प्रशासन से इन तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here