राजनांदगांव (दावा)। मधुमेह से पीडि़त उन मरीजों के लिए खुशखबरी है, जिन्हें शुगर के कारण आंखों में समस्या रहती है। उदयाचल में अब प्रत्येक शनिवार को रेटिना एवं नेत्र जाँच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। यह सेवा विशेष तौर पर डायबिटिक रेटिनोपैथी से ग्रसित या उसके खतरे वाले मरीजों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
डायबिटिक रेटिनोपैथी से बचाव के लिए समय पर जांच जरूरी
शुगर के मरीजों में रेटिना पर असर पडऩे का जोखिम अधिक होता है और समय पर जांच न होने पर यह स्थिति आगे चलकर अंधत्व का कारण भी बन सकती है। उदयाचल में तैनात विशेषज्ञ शनिवार को मरीजों की विस्तृत और गहन जांच करेंगे। जिससे प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारी की पहचान कर उचित उपचार किया जा सके।
समय रहते जांच कराएं, रोशनी सुरक्षित रखें
डॉक्टरों का कहना है कि शुगर से जुड़ी आंखों की अधिकांश समस्याओं का इलाज संभव है, बशर्ते मरीज नियमित जांच कराएं। इस नई सुविधा से जिले के सैकड़ों मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सूचना प्रभारी गौतम बाफना ने बताया कि ‘शुगर मरीजों की बढ़ती संख्या और आंखों की गंभीर समस्याओं को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। सभी मरीज इस सुविधा का लाभ उठाएं और समय पर जांच कर अपनी आंखों की रोशनी सुरक्षित रखें।’



