आरोपी के खिलाफ बसंतपुर थाने में सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
राजनांदगांव (दावा)। मोहारा बायपास में खोले गए प्रीमियम शराब दुकान का मामला खत्म होते नजर नहीं आ रहा है। पहले इसका वार्डवासियों द्वारा विरोध किया गया था। इसके बाद वार्डवासियों के साथ जोगी कांग्रेस का विरोध सामने आया। फिर कांग्रेस वालों का विरोध उसमें जुड़ गया। अब इस मामले में एक नई बात प्रलोभन देने का जुड़ गया है। मोहारा बायपास के उक्त प्रीमियम वाइन शॉप विरोध के बाद कुछ तत्व द्वारा महिलाओं पर प्रलोभन लेने के आरोप लगा दिए गए हैं। इस झूठे आरोप से वहां जन आक्रोश बढ़ गया है और उक्त तत्व के खिलाफ बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
मान-सम्मान पर चोट से भडक़ी महिलाएं
बताया जाता है कि मोहारा बायपास शराब दुकान के विरोध में सामने आई क्षेत्र की महिलाओं के उपर प्रलोभन लेकर विरोध किए जाने की बात कहकर उनकी मान-सम्मान पर ठेस पहुंचाया गया है। इस आपत्तिजनक एवं अपमानजनक आरोपों के खिलाफ बड़ी संख्या में महिलाओं ने थाना बसंतपुर में धावा बोलकर ज्ञापन सौंपा है। महिलाओं का कहना है कि प्रीमियम वाइन शॉप के विरोध में किया गया आंदोलन पूरी तरह स्वस्फूर्त और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर था न कि किसी प्रकार के प्रलोभन या पैसे के लिए।
भ्रामक एवं निंदनीय बयान
महिलाओं ने बताया कि महेश्वर सोनकर द्वारा एक न्यूज पोर्टल में दिया गया बयान पूरी तरह भ्रामक और निंदनीय है जिसमें यह कहा गया कि विरोध करने वाली महिलाएं एक ही परिवार की हैं तथा अन्य महिलाओं को पैसे देकर बुलाया गया था। इस बयान से क्षेत्र की महिलाओं की सामाजिक छवि को गहरी ठेस पहुंची है और उन्हें बाजारू महिला के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। बसंतपुर पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन के दौरान शालिनी साहू ने बताया कि मोहारा बायपास क्षेत्र में पहले से चार शराब भट्टियां संचालित हैं। जिसके कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
छेडख़ानी की शिकार होती है महिलाएं
महिलाओं ने बताया कि उक्त प्रीमियम वाइन शाप के चखना दुकानों और आसपास बैठकर शराब पीने वाले असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन गाली-गलौज, छेड़छाड़ और गलत हरकतें की जाती हैं। इससे महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। कुछ दिन पहले ब्लू डायमंड कॉलोनी में गार्ड होने के बावजूद चोरी की घटनाएं घटित हुई। जिसमें खड़ी गाडिय़ों से बैटरी चोरी तथा बाजू के गोदाम से लाइट चोरी की गई। इससे स्पष्ट है कि शराब दुकानों के कारण अपराधों में वृद्धि हो रही है। महिलाओं ने कहा कि ऐसे हालात में नई प्रीमियम वाइन शॉप खोलना बड़ी घटनाओं को न्योता देना है। जो लोग कुछ पैसों के लालच में इस दुकान का समर्थन कर रहे हैं। उनका आचरण निंदनीय है और वे पूरे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।
महिलाओं ने थाना प्रभारी से मांग की कि महेश्वर सोनकर द्वारा दिए गए बयान को संज्ञान में लेकर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके। इस दौरान क्षेत्र की श्रीमती लता हरिहारणो, श्रीमती ज्योति हरिहारणो, श्रीमती भारती शर्मा, शालिनी साहू, मानसी साहू, उसिमा साहू, श्रीमती सुनंदा हरिहारणों सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
संबंधित क्षेत्र की महिलाओं द्वारा आवेदन दिया गया हैं। कथित आरोपी को बुलाकर बयान लिया जाएगा।
– एमन साहू, बसंतपुर थाना प्रभारी



