मानपुर (दावा)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के मानपुर ब्लॉक में रविवार को एक भीषण सडक़ दुर्घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे पर ग्राम इरागांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्राली सडक़ पर पलट गई। इस दुखद हादसे में एक 26 वर्षीय महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि 11 अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। सभी घायल एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
खुशियों के सफर में पसरा सन्नाटा
मानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ। मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सेखुर्द से कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर नेडगांव में आयोजित एक छ_ी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे मानपुर मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम इरागांव के पास पहुंचे। पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली सडक़ पर ही पलट गई। ट्राली में सवार महिला, पुरुष और बच्चे मलबे के नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एक महिला की मौत, चार की हालत गंभीर
अस्पताल में उपचार के दौरान ग्राम खुर्सेखुर्द निवासी 26 वर्षीय दूरपत बाई उसारे ने घावों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल चार अन्य लोगों नोहरी बाई, बिसंतीन बाई, बृज बाई और सुकाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अन्य सात घायलों को मामूली चोटें आई थी। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के ढाबों व सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


