निशान यात्रा में ऋतु पांचाल देगी भजनों की सुमधुर प्रस्तुति
उदयाचल में सज रहा है भव्य दरबार
श्री श्याम परिवार मित्र मंडल का भव्य आयोजन
राजनंदगांव । श्री श्याम परिवार मित्र मंडल द्वारा खाटू वाले श्याम प्रभु का फागुन महोत्सव परंपरा अनुसार बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धूमधाम से मनाये जाने हेतु व्यापक तैयारियां की गई है । चार दिवसीय फागुन महोत्सव के प्रथम दिवस आज फागुन शुक्ल नवमी 25 फरवरी बुधवार को सुबह 10:00 से उदयाचल प्रांगण में खाटू वाले श्याम प्रभु का दुग्धाभिषेक किया जावेगा , इसी के साथ श्री श्याम नाम की मेहंदी का उत्सव होगा । इस वर्ष खाटू श्याम जी के दरबार में भव्य निशान ( धर्म ध्वजा ) समर्पित करने श्री श्याम परिवार मित्र मंडल के तत्वाधान में 16 फरवरी को सुशील अग्रवाल , सौरभ अग्रवाल , संतोष महोबिया एवं राहुल लोहिया के नेतृत्व में 124 माता – बहने एवं बंधु 25 वीं निशान यात्रा में राजस्थान के विभिन्न तीर्थों का दर्शन कर श्री खाटू श्याम जी , सालासर बालाजी , सावलिया सेठ , श्रीनाथ जी , पुष्कर राज का दर्शन कर 22 फरवरी को वापस लौटे है । खाटू श्याम जी को निशान समर्पित करने तीर्थ यात्री 22 किलोमीटर रिंगस से खाटू तक पैदल चलकर निशान चढ़ाते हैं । अब जो श्रद्धालु राजस्थान नहीं जा पाए उनके लिए 25 फरवरी को स्थानीय स्तर पर निशान यात्रा निकली जा रही है ।
श्री श्याम परिवार मित्र मंडल के संरक्षक गोपाल अग्रवाल , सुशील अग्रवाल , अशोक लोहिया , संतोष हुंका , अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज सुबह 10 बजे से श्री श्याम उत्सव का शुभारंभ बाबा श्याम के दुग्धाभिषेक से होगा , कोई भी भक्त अपने घर से गाय का दूध लाकर अभिषेक कर सकता है , अभिषेक के दौरान भक्त माता – बहनों को श्री श्याम नाम की मेंहदी लगाई जाएगी । महोत्सव के प्रथम दिवस भव्य निशान यात्रा शाम 05:00 बजे उदयाचल प्रांगण से निकाली जाएगी , जिसमें श्याम प्रभु की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी । सैकड़ो माता – बहने एवं बंधु अपने हाथों में धर्म ध्वजा ( निशान ) लेकर निशान यात्रा में शामिल होंगे । निशान यात्रा में भजनों की संगीतमय सुमधुर धुन दिल्ली निवासी श्याम दीवानी ऋतु पांचाल की वाणी से निकलेगी , जिस पर भक्त माता – बहने एवं बंधु नृत्य करते निशान लहराते हुए यात्रा को यादगार बनाएंगे ।
आयोजन समिति की ज्योति अग्रवाल , सोनल अग्रवाल , प्रीति खंडेलवाल ने जानकारी दी है कि निशान यात्रा में संस्कारधानी नगरी के भजन गायकों द्वारा भी सुमधुर संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी । निशान यात्रा के श्रृंगार एवं प्रसादी के सेवार्थी भगवती मेडिकल परिवार है , वहीं पान भोग की सेवा सचिन विवेक अग्रवाल परिवार तथा छप्पन भोग की सेवा विष्णुप्रसाद अग्रवाल ( चाचा परिवार ) द्वारा ली गई है । निशान यात्रा उदयाचल प्रांगण से प्रारंभ होकर महेश पथ से तिरंगा चौक ,भारत माता चौक से कामठी लाइन , श्री श्याम मंदिर गली से रामाधीन मार्ग , तिरंगा चौक से गंज लाइन होते हुए वापस उदयाचल प्रांगण पहुंचेगी । समिति ने श्रद्धालु भक्त माता – बहनों एवं बंधुओ से आग्रह किया है कि सुबह दुग्धाभिषेक , मेंहदी एवं शाम को निकलने वाली निशान यात्रा में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें ।


