Home छत्तीसगढ़ नाबालिग बालिका प्रसूति मामले में कृष्णा हास्पीटल के खिलाफ पुलिस की बड़ी...

नाबालिग बालिका प्रसूति मामले में कृष्णा हास्पीटल के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

16
0

० फरार आरोपी के संबंध में सूचना देने पुलिस ने रखा इनाम
० डॉक्टर और हॉस्पिटल के लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु नेशनल मेडिकल कमीशन को पत्र

राजनांदगांव। शहर के जी.ई. रोड स्थित निजी हास्पीटल में, नाबालिग बालिका के प्रसूति मामले और अस्पताल की गंभीर लापरवाही के संबंध में पुलिस ने अब तक की बड़ी और कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उक्त मामले के 10 आरोपियों को धर दबोचा है वहीं फरार चल रहे एक आरोपी विजय राज नागवंशी पिता मनीष नागवंशी उम्र 35 वर्ष निवासी तुलसीपुर गली नं 1 बख्तावर चाल राजनांदगांव के संदर्भ में सूचना देने वाले के लिए इनाम की घोषणा की है।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों को न केवल सलाखों के पीछे भेजा है, मामले के मुख्य आरोपी डॉक्टर और अस्पताल के विरुद्ध भी कड़ा रुख अख्तियार किया है।
लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए कृष्णा हॉस्पिटल और डॉ. दीपक पंसारी के विरुद्ध सख्त कदम उठाया है। पुलिस विभाग द्वारा नेशनल मेडिकल कमीशन और स्टेट मेडिकल काउंसिल को विस्तृत साक्ष्यों के साथ पत्राचार कर लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की है। पुलिस की इस कड़ाई पूर्ण कदम से जिले के अवैध और लापरवाह चिकित्सीय संस्थानों में हडक़ंप मच गया है।
बताते चलें कि, थाना बोरतलाब के अपराध क्रमांक 01/2026 में शामिल 10 आरोपी, डॉ.दीपक पंसारी, रवि बर्वे, मोना बर्वे, शेमुएल ढोके, रायशीला उर्फ दीपिका, गेशु देवांगन, गोवर्धन यादव, विनिता यादव, आरती और विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरार आरोपी पर पुरस्कार की घोषणा
लेकिन प्रकरण का एक आरोपी विजय राज अभी भी फरार है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा उसकी गिरफ्तारी हेतु विधिवत उद्घोषणा जारी कर इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि, आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम (+91 94791 92199) को सूचित करें। इस पूरे मामले में पुलिस ने जिस त्वरित गति से जांच कर चालान न्यायालय में पेश किया है, उसकी सराहना हो रही है। खासकर नाबालिगों से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि, कानून का उल्लंघन करने वाला कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here