Home News मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना : 12,519 उपभोक्ताओं को मिली सरचार्ज से...

मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना : 12,519 उपभोक्ताओं को मिली सरचार्ज से मुक्ति…

33
0

बीपीएल और कृषि उपभोक्ताओं के लिए वरदान बनी योजना, 30 जून तक आवेदन का मौका

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और किसानों को बिजली बिल के बोझ से मुक्त करने के उद्देश्य से चलाई जा रही इस योजना से अब तक क्षेत्र के 12,519 उपभोक्ताओं को मूल बकाया और सरचार्ज में भारी छूट का लाभ मिल चुका है। योजना का लाभ पहुंचाने के लिए राजनांदगांव संभाग के चार जिलों में विद्युत विभाग की टीमें सक्रिय हैं। अब तक लाभान्वित उपभोक्ताओं का जिलावार विवरण इस प्रकार है। जिसमें कबीरधाम में 9,143 उपभोक्ता, राजनांदगांव में 1,570 उपभोक्ता, मोहला-मानपुर, अम्बागढ़ चौकी में 1,081 उपभोक्ता, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 725 उपभोक्ता है।
बीपीएल और किसानों पर विशेष फोकस
योजना का मुख्य लक्ष्य गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) जीवन यापन करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देना है। बकाया बिलों के कारण जिन उपभोक्ताओं की बिजली सेवाएं प्रभावित हो रही थी। वे इस समाधान योजना के जरिए पुन: सुचारू रूप से बिजली प्राप्त कर पा रहे हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चारों जिलों के 66 वितरण केंद्रों में विशेष समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। विभाग की टीमें न केवल शिविरों में मौजूद हैं, बल्कि घर-घर जाकर भी लोगों को पात्रता और छूट की प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रही हैं। शिरीष सेलट, कार्यपालक निदेशक, विद्युत विभाग (राजनांदगांव क्षेत्र) ने कहा कि यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो पुराने बिलों के कारण आर्थिक दबाव महसूस कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर हर पात्र व्यक्ति तक इस राहत को पहुंचाया जाए।
अंतिम तिथि का रखें ध्यान
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द अपने नजदीकी वितरण केंद्र या विशेष शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here