Home छत्तीसगढ़ मनगटा के रिसॉर्ट्स में पुलिस की दबिश : शराब पिलाने की सुविधा...

मनगटा के रिसॉर्ट्स में पुलिस की दबिश : शराब पिलाने की सुविधा देने वाले दो संचालक गिरफ्तार…

64
0

त्रिचा और नायरा रिसॉर्ट पर सोमनी पुलिस की छापेमारी, शांति भंग करने वाला एक अन्य आरोपी भी पकड़ाया

राजनांदगांव (दावा)। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमनी पुलिस ने शनिवार को मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मनोरंजन के नाम पर शराब परोसने और शांति भंग करने की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए त्रिचा और नायरा रिसॉर्ट में औचक छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सोमनी थाना प्रभारी उपेंद्र शाह के नेतृत्व में गठित टीम ने मनगटा स्थित रिसॉर्ट्स में लगातार तेज डीजे बजने और अवैध रूप से शराब पिलाने की शिकायतों की तस्दीक की और शनिवार को दबिश दी।

इन संचालकों पर गिरी गाज
छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट्स में आने-जाने वाले लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते पाए जाने पर पुलिस ने संचालकों को हिरासत में लिया। जिसमें त्रिचा रिसॉर्ट के संचालक चंद्रशेखर यादव (24 वर्ष) निवासी ग्राम बिहावबोड (घुमका), नायरा रिसॉर्ट केे संचालक सोहन निर्मलकर (30 वर्ष) निवासी ग्राम मनगटा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके पर शराब पी रहे लोगों को कड़ी समझाइश दी। वहीं दोनों संचालकों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) एवं बीएनएसएस की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इसी अभियान के तहत सोमनी पुलिस ने ग्राम टेडेसरा में विवाद कर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे एक युवक आदित्य साहू (24 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी उपेंद्र शाह ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इस दौरान उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी सोमनी ने कहा कि असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान सतत जारी रहेगा। रिसॉर्ट्स और ढाबों में नियमों के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here