नागपुर कनेक्शन का खुलासा, सांई एप के जरिए चल रहा था लाखों का खेल, बागनदी बॉर्डर से पकड़ाया मास्टरमाइंड
राजनांदगांव (दावा)। घुमका थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरझिटी स्थित एक कृषि फार्म में चल रहे हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर मास्टरमाइंड सहित कुल 9 आरोपियों को दबोचा है। इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और कार सहित करीब 13.73 लाख रुपये का मशरूका और 7.50 लाख रुपये की सट्टा पट्टी जब्त की गई है। 3 अप्रैल की देर रात मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी की टीम ने रतन सिन्हा के कृषि फार्म पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह पूरा नेटवर्क सांई एप के जरिए नागपुर से संचालित किया जा रहा था।
बागनदी बॉर्डर पर फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के सरगना नीतिन लिंबू उर्फ मुंकू (45) और उसके नागपुर निवासी साथी जसमीत सिंह (45) को बागनदी बॉर्डर के पास भागते हुए गिरफ्तार किया। इसके साथ ही बसंतपुर और लालबाग क्षेत्र से भी अन्य गुर्गों की गिरफ्तारी हुई। जिनमें अमित सोनी (42) सोनारपारा, रियाज खान (35) कंचनबाग, चंद्रशेखर सिन्हा (32) खैरझिटी, नीतिन लिंबू उर्फ मुंकू (45) मास्टरमाइंड, जसमीत सिंह (45) नागपुर (नेटवर्क हैंडलर), सागर सोनकर (38) बसंतपुर, राहुल सोनकर (39) बसंतपुर, तीजूराम साहू (51) लालबाग, तुषार साहू (19) लालबाग आदि है। पुलिस ने मौके से एक कार, एक लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। सट्टे के हिसाब-किताब वाली कॉपी से 7.68 लाख रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड मिला है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सॉफ्टवेयर का नागपुर लिंक
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सट्टा संचालन के लिए उपयोग किया जा रहा सॉफ्टवेयर नागपुर से कंट्रोल हो रहा था। स्थानीय स्तर पर आरोपी केवल आईडी बांटने और सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। पुलिस अब इस गिरोह के बड़े सफेदपोश संपर्कों की तलाश में जुटी है।



