(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू)
0 फर्जी तरीके से खाद आबंटन कर हजारों और लाखों रूपए का कज़ऱ् चढ़ा दिया गया किसानों पर
0 किसानों में आक्रोश, किया कलेक्टर से शिकायत, निष्पक्ष जांच करने दिया आवेदन, कहा दोषियों पर हो कार्रवाई
० किसानों का आरोप फर्जी तरह से उनके खाते पर खाद लेना दर्शाया गया
खैरागढ़ (दावा)। जिले के सेवा सहकारी समिति ढोकराभाठा में किसानों के नाम पर बिना अनुमति खाद जारी करने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रभावित किसानों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है, कि उनके नाम पर फर्जी तरीके से खाद उठाव दिखाकर हजारों से लेकर लाख रुपये तक का कर्ज चढ़ा दिया गया है। किसानों का कहना है, कि वे समिति से नियमित रूप से खाद-बीज और केसीसी (कृषि ऋण) के तहत लेन-देन करते हैं। हाल ही में जब वे अपनी वास्तविक बकाया राशि जमा करने समिति पहुंचे, तो उन्हें बताया गया,कि उनके नाम पर 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक का कर्ज दर्ज है। यह सुनकर किसान हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने इतनी मात्रा में खाद लिया ही नहीं है।। समिति में मौजूद कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा किसानों को बताया गया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में यही राशि दर्ज है। किसानों का आरोप है, कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम पर खाद की परमिट काटी गई है, जिससे यह पूरा मामला फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है। इस मामले में आदूराम साहू (कर्ज 94,750 रु.), दीपक साहू (38,547 रु.), संतराम साहू (33,750 रु.), शत्रुघ्न साहू (33,750 रु.) और मूलचंद साहू (49,263 रु.) सहित कई किसान प्रभावित हैं। किसानों ने कलेक्टर से मांग की है,कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और किसानों से केवल उतनी ही राशि वसूली जाए, जितनी उन्होंने वास्तविक रूप से खाद लिया है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।



