० शिक्षा विभाग और प्रशासन अलर्ट : केंद्राध्यक्षों को मिला विशेष प्रशिक्षण, गोपनीयता बनाए रखने सुरक्षा चाक-चौबंद
० राजस्व अधिकारियों की निगरानी में थानों से निकलेगी गोपनीय सामग्री, नकल रोकने उडऩदस्ता टीम मुस्तैद
राजनांदगांव (दावा)। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 12वीं बोर्ड की हिंदी विषय की परीक्षा जो गत दिनों पेपर लीक होने के कारण स्थगित कर दी गई थी। अब कल 10 अप्रैल शुक्रवार को दोबारा आयोजित की जाएगी। इस बार पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने और शुचिता बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने बेहद सख्त और चाक-चौबंद तैयारी की है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए मंगलवार को समन्वयक केंद्र स्टेट स्कूल में जिले के 88 केंद्रों के केंद्राध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माशिमं के उप-सचिव डॉ. बी. रघु, डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) प्रवास कुमार बघेल ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ संपन्न होनी चाहिए। मास्टर ट्रेनर मनोज चौहान ने पीपीटी के माध्यम से केंद्राध्यक्षों को वन टाइम लॉक सिस्टम और गोपनीयता बनाए रखने के नए नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
थानों में सुरक्षित हैं प्रश्न पत्र, सुबह होंगे वितरित
कल होने वाली परीक्षा के लिए बुधवार 8 अप्रैल की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी और नोडल अधिकारी की निगरानी में सभी केंद्राध्यक्षों को प्रश्न पत्र वितरित कर दिए गए हैं। जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच थानों में रखवाया गया है। परीक्षा शुक्रवार सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी। राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में गोपनीय सामग्री थानों से निकालकर केंद्राध्यक्षों और सहायक केंद्राध्यक्षों को उपलब्ध कराई जाएगी।
नकलचियों पर रहेगी उडऩदस्तों की नजर
परीक्षा में नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है। डीईओ ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों बीईओ) को सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त, 4 सदस्यीय विशेष उडऩदस्ता टीमों का गठन किया गया है। जो परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक बी. संगीता राव, स्टेट स्कूल के प्राचार्य माधो सिंह, सह-प्रभारी शारदा प्रसाद तिवारी और जिला परीक्षा कक्ष प्रभारी अभिषेक श्रीवास्तव सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विभाग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचे और पूरी ईमानदारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों।



