Home छत्तीसगढ़ आयुक्त की कड़ी चेतावनी : आधार बेस हाजिरी नहीं तो कटेगा वेतन…

आयुक्त की कड़ी चेतावनी : आधार बेस हाजिरी नहीं तो कटेगा वेतन…

25
0

राजनांदगांव (दावा)। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बुधवार को निगम सभागृह में सभी विभागों के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में आयुक्त ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि कार्यालयीन समय का पालन और शासन की डिजिटल योजनाओं को अपनाना अनिवार्य है। आयुक्त ने कहा कि बार-बार निर्देशों के बावजूद अधिकांश कर्मचारी आधार बेस उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तकनीकी शाखाओं और सफाई कर्मियों के लिए क्षेत्रवार पॉइंट बनाए गए हैं। जिन कर्मचारियों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे तत्काल करा लें। अगले माह से बिना आधार हाजिरी के वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।

समयबद्धता और अनुशासन पर जोर
बैठक में कर्मचारियों की लेटलतीफी पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि प्रार्थना में उपस्थि सभी कर्मचारियों को सुबह निर्धारित समय पर प्रार्थना में शामिल होना होगा। लंच के बाद देर से कार्यालय आने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि समय पर काम पूरा न करना कार्य के प्रति लापरवाही है। राष्ट्रीय पर्वों, निगम के आयोजनों और सेवानिवृत्ति समारोहों में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों का भी वेतन काटा जाएगा।

ई-ऑफिस और आई-गॉट कर्मयोगी ट्रेनिंग
आयुक्त ने बताया कि शासन अब मैनुअल कार्यों को पूरी तरह बंद कर ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने की तैयारी में है। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं आई-गॉट कर्मयोगी योजना के तहत सभी कर्मचारियों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से ट्रेनिंग लेकर सर्टिफिकेट डाउनलोड करना होगा। उन्होंने कहा कि इसी ट्रेनिंग के आधार पर कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय चरित्रावली लिखी जाएगी।

जनगणना और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी
आगामी मई माह से शुरू होने वाले जनगणना कार्य को लेकर आयुक्त ने सभी को मुस्तैद रहने को कहा है। इस दौरान किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक अवकाश नहीं दिया जाएगा। साथ ही, आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी को जनभागीदारी सुनिश्चित करने और फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में निगम के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here