० लापरवाह विवेचकों को जांच के आदेश, बीट प्रभारियों की जवाबदेही तय, ऑपरेशन तलाश में आएगी तेजी
० 18 थाना-चौकी प्रभारियों की क्लास, सूखे नशे, जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर जीरो टॉलरेंस की रणनीति
राजनांदगांव (दावा)। अपराधियों पर शिकंजा, पुलिस की जवाबदेही और आम जनमानस में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बुधवार को जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और 18 थाना-चौकी प्रभारियों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसपी ने लंबित प्रकरणों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि विवेचना का मुख्य उद्देश्य केवल फाइल बंद करना नहीं, बल्कि दोषियों को सजा दिलाना होना चाहिए।
विवेचना में शिथिलता पर गिरेगी गाज
एसपी ने वर्ष 2026 के प्रथम तीन माह में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की थाना-वार समीक्षा की। जिन थानों में लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक पाई गई और विवेचना में ढिलाई दिखी, वहां के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण एवं जांच के आदेश दिए गए। पुराने लंबित चालानों (धारा 173(8)) और मर्ग प्रकरणों के त्वरित निपटान हेतु समय-सीमा निर्धारित की गई है।
सूचना तंत्र होगा मजबूत, बीट प्रभारी जिम्मेदार
पुलिस अधीक्षक ने सूचना संकलन (इंटेलिजेंस) को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए बीट सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अब किसी भी क्षेत्र में अप्रिय घटना होने पर सीधे संबंधित बीट प्रभारी और आरक्षक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में बीट सुदृढ़ीकरण हेतु विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
ऑपरेशन तलाश और केस स्टडी
गुमशुदा बच्चों और महिलाओं की बरामदगी के लिए ऑपरेशन तलाश के तहत नई कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक की खास बात यह रही कि वर्ष 2026 में जिन प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण हुआ। उन्हें केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत किया गया, ताकि अन्य निरीक्षक उनसे सीख ले सकें। आगामी कार्ययोजना के तहत एसपी ने निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए। जुआ, सट्टा, शराब और सूखे नशे (ड्रग्स) के खिलाफ सख्त कार्रवाई, रात्रि में औचक चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश, प्रत्येक आरक्षक द्वारा प्रकरण निराकरण में दिए गए योगदान की समीक्षा की गई। डोंगरगढ़ मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट और समर्पित प्रदर्शन करने वाले पुलिस बैंड को एसपी ने नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, सीएसपी वैशाली जैन, अलेक्जेंडर किरो, मंजुलता बाज, प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, के.पी. मरकाम, डीएसपी सुमन जायसवाल सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।



