विश्व नवकार मंत्र दिवस पर जेएलडब्ल्यू और जेबीएन का भव्य आयोजन, जैन समाज सहित अन्य वर्गों ने भी ली सहभागिता

राजनांदगांव (दावा)। विश्व नवकार मंत्र दिवस के पावन अवसर पर शहर में आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। जेएलडब्ल्यू एवं जेबीएन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक नवकार महामंत्र जाप कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ शांति और सद्भाव की स्वर लहरियां बिखेरीं।
इस दिव्य आयोजन में जैन समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के नागरिकों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में जिटो के माध्यम से लगभग 3000 लोगों को भगवान महावीर के सिद्धांतों और उनके अहिंसा व शांति के संदेशों का स्मरण कराया गया। सामूहिक जाप के दौरान उपस्थित जनसमूह ने आत्मचिंतन और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में संस्कार और नैतिक मूल्यों का संचार करना रहा। इस आयोजन की एक विशेष कड़ी शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मंत्रों का उच्चारण कर एकाग्रता और संस्कार की शिक्षा ग्रहण की। सामूहिक जाप से उत्पन्न सकारात्मक ऊर्जा ने उपस्थित सभी जनों को एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए जिला कलेक्टर जितेन्द्र यादव, एडमिनिस्टर कलेक्टर श्रीमती शीतल, सकल जैन श्री संघ के अध्यक्ष विनय दद्दा, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया और वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख सहित अनेक गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवकार महामंत्र की महिमा पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन में आत्मसात करने पर जोर दिया। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान रहा, बल्कि इसने राजनांदगांव में सामाजिक एकता, शांति और आध्यात्मिक जागरूकता का एक नया उदाहरण पेश किया है।



