Home छत्तीसगढ़ संपत्ति कर में भारी वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 13 अप्रैल...

संपत्ति कर में भारी वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 13 अप्रैल को होगा निगम का घेराव…

39
0

नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने घेराबंदी की शुरू, 6 से 20 प्रतिशत तक टैक्स बढ़ाने को बताया जनविरोधी निर्णय

राजनांदगांव (दावा)। भाजपा शासित नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में की गई भारी बढ़ोतरी को लेकर शहर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस वृद्धि के विरोध में अब विपक्षी दल कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। संपत्ति कर वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर आगामी 13 अप्रैल (सोमवार) सुबह 11 बजे कांग्रेस द्वारा नगर निगम कार्यालय का विशाल घेराव किया जाएगा।

आम जनता पर आर्थिक बोझ
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में 6 प्रतिशत से लेकर 20 प्रतिशत तक की टैक्स वृद्धि करना पूरी तरह संवेदनहीनता है। श्री पिल्ले ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के चलते आवश्यक वस्तुओं की कीमतें पहले ही आसमान छू रही हैं। मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों का बजट बिगड़ चुका है। ऐसे में निगम प्रशासन का यह निर्णय जनता पर दोहरी मार जैसा है। इस आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए नेता प्रतिपक्ष अपने पार्षदों की टीम के साथ शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर नागरिकों का समर्थन जुटा रहे हैं। घर-घर जाकर इस वृद्धि के नुकसान बताए जा रहे हैं, जिसके चलते कर दाताओं में भी निगम प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।

प्रशासन सतर्क, आंदोलन की तैयारी तेज
कांग्रेस के घेराव और आंदोलन की खबर मिलते ही निगम प्रशासन सहित पुलिस और सिविल प्रशासन सतर्क हो गया है। शहर में संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था की रणनीति बनाई जा रही है। संतोष पिल्ले ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निगम प्रशासन ने इस जनविरोधी निर्णय को वापस नहीं लिया, तो जनता के हित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here