राजनांदगांव (दावा)। बसंतपुर पुलिस ने जमीन दिखाने और असली नोटों के बदले नकली नोट डबल करके देने का लालच देकर पौने दो लाख रुपये की झपटमारी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज 3 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा और लूटी गई शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जयराम नागपुरे (निवासी साल्हेकसा, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र) अपने साथी के साथ जमीन खरीदने के उद्देश्य से 9 अप्रैल को राजनांदगांव के मोहारा आए थे। प्रार्थी जमीन का बयाना देने के लिए अपने बैग में 1,75,000 रुपये नकद लेकर आया था और आरोपी का इंतजार कर रहा था।
झांसा देकर बैग लेकर भागा आरोपी
शाम करीब 4:30 बजे आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार (शिवाजी नगर, चिखली) वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने प्रार्थी को असली नोटों के बदले डबल कर नकली नोट देने का लालच दिया। इसी बीच मौका पाकर वह प्रार्थी के पास रखा रुपयों से भरा काला बैग झपटकर हाईवे की ओर फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी मनोज जोशी को धर दबोचा। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। जिसके बाद उसके कब्जे से 1,75,000 रुपये से भरा बैग बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, दीपक जायसवाल, आरक्षक आशीष मानिकपुरी, कुश बघेल और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



