बांधाबाजार (दावा)। ग्राम बांधाबाजार स्थित गुप्ता पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक सडक़ हादसा हो गया। ईंटों से लदी एक माजदा अनियंत्रित होकर छोटा हाथी वाहन से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा चालक का पैर वाहन के कैबिन (चौकी) के लोहे के बीच बुरी तरह फंस गया। घटना शाम करीब 4:15 बजे की है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों व राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। चालक दर्द से कराह रहा था, लेकिन उसका पैर लोहे के बीच इस कदर दब गया था कि उसे सामान्य तरीके से निकालना नामुमकिन था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए बचाव कार्य शुरू किया। अंतत: जैक मशीन और कटर का इंतजाम किया गया। पुलिस की निगरानी में वाहन के कैबिन के लोहे के हिस्सों को सावधानीपूर्वक काटकर चालक के पैर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस सफल रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तुरंत अस्पताल रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन ईंटों से पूरी तरह ओवरलोड था, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे वाहन से जा भिड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाकर बाधित यातायात को बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। पुलिस ने जिस सूझबूझ से जैक मशीन का इस्तेमाल किया, उसी से ड्राइवर की जान बच सकी।



