राजनांदगांव (दावा)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने कहा है कि, देश में मोदी सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई के तले दब रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय उनके जेब पर डाका डाल रही है। श्री पिंटू ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 50 प्रतिशत और डीजल पर 55 प्रतिशत उत्पाद शुल्क लगा दिया। इसका सीधा असर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी वृद्धि के रूप में हुआ। उन्होंने कहा कि हाल में उत्पाद शुल्क में मामूली कमी का प्रचार करके जनता को भ्रमित किया जा रहा है, लेकिन असल फायदा आम लोगों को नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि जो सरकार यह दावा करती थी कि हवाई चप्पल पहनने वाले आम लोग भी हवाई सफर करेंगे। आज वही गरीब महंगाई के कारण नंगे पांव चलने को मजबूर हैं। पिंटू ने कहा कि मोदी सरकार की अमीर परस्त नीतियों के चलते आम उपभोक्ताओं को अब पेट्रोल की कीमतें विमान ईंधन से भी ज्यादा लग रही हैं।
रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना के तहत गरीबों को सस्ती गैस उपलब्ध कराना था, लेकिन आज करीब 50 प्रतिशत गरीब लोग रसोई गैस नहीं खरीद पा रहे। साथ ही सब्सिडी की राशि सिलेंडर खरीदते समय वसूली जाती है और बाद में वापस दी जाती है। जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। श्री पिंटू ने कहा कि यह सरकार की नीतियां सीधे गरीबों और आम जनता पर आर्थिक शोषण कर रही हैं।



