राजनांदगांव (दावा)। चिचोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रंगीटोला के निवासियों की एक लंबे समय से चली आ रही मांग प्रशासन द्वारा पूरी कर दी गई है। ग्राम में नई शराब दुकान खोले जाने के निर्णय पर ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। ग्राम पटेल पुनाराम पटेल, आनंद सिन्हा और अन्य ग्रामीणों (एनराम सिन्हा, धनुक साहू, सहदेव सिन्हा, खोरबाहरा, हरीराम सिन्हा) ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से गांव में सरकारी शराब दुकान खोलने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का तर्क है कि आधिकारिक दुकान खुलने से: गांव में होने वाली कोचियागिरी और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी लगाम लगेगी। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी। गांव के स्थानीय व्यापार और व्यवसाय में भी बढ़ोत्तरी होगी।
कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन
गौरतलब है कि गत दिनों रंगीटोला के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांग के समर्थन में ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर ने उनकी समस्या को संवेदनशीलता से सुना और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान खोलने की अनुमति प्रदान की। प्रशासन के इस कदम को ग्रामीणों ने असीम कृपा बताते हुए हर्ष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि इस निर्णय से गांव की व्यवस्था में सुधार होगा और शासन को मिलने वाले राजस्व में भी वृद्धि होगी।



