राजनांदगांव की बेटी का कमाल
राजनांदगांव । जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब पीएमश्री सर्वेश्वर दास विद्यालय की कक्षा 9वीं की छात्रा हिमांशी साहू का चयन प्रतिष्ठित इसरो युविका 2026 (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) के लिए हुआ। सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर हिमांशी ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जो जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा आयोजित युविका (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पहल है। यह दो सप्ताह का निःशुल्क आवासीय ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम है जो मई 2026 में शुरू होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और उसके अनुप्रयोगों से परिचित कराना है। इसमें इसरो के विभिन्न केंद्रों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण, प्रायोगिक गतिविधियाँ और वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाते हैं जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित के प्रति रुचि बढ़े। हिमांशी साहू एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता एक निजी नौकरी करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद हिमांशी ने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं होने दिया। निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। हिमांशी की इस उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिलाधीश जितेंद्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरुचि सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, जिला मिशन समन्वयक श्री सतीश ब्योहरे सभी ने हिमांशी को इसरो में प्रशिक्षण के दौरान और आगे की पढ़ाई में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश सूर्यवंशी एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित घोष ने हिमांशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हिमांशी की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी। हिमांशी साहू की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उनका इसरो तक का सफर न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।



