सर्वर डाउन के चलते भीषण गर्मी में लोग लाइन लगाने मजबूर
तू-तू-मैं-मैं की निर्मित हो रही स्थिति
राजनांदगांव(दावा)। शहर के पंजाब नेशनल बैंक में इन दिनों अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वालो की खासी भीड़ देखी जा रही है। 3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली इस धार्मिक यात्रा के लिए पंजीयन कराने राजनांदगांव के पंजाब नेशनल बैंक को चूज किया गया है। इसके चलते रायपुर दुर्ग भिलाई के भी अमरनाथ यात्री सुबह से ही अपना पंजीयन कराने बैंक के सामने अपना नंबर लगाए हुए हैं लेकिन सर्वर डाउन होने के चलते पंजीयन कार्य में लोगों को खासी दिक्कते उठानी पड़ रही है।
बताया जाता है कि, अमरनाथ यात्रा के लिए 15 अप्रैल से ही आनलाइन व आफ लाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन लोग 14 तारीख की सुबह से ही बैक के सामने लाइन लगाना शुरू कर दिए थे लेकिन सर्वर डाउन समस्या के चलते लोगों की भीषण गर्मी के बीच परेशानी उठानी पड़ रही है। भिलाई से अमरनाथ यात्रा के लिए राजनांदगांव रजिस्ट्रेशन कराने पंजाब नेशनल बैंक पहुंची महिला नीरजा सोनी ने बताया कि तपती गर्मी में उन्हें लाईन लगानी पड़ रही है। उन्होंने सिस्टम पर भी सवाल उठाया और कहा कि बैंक वाले उक्त प्रक्रिया पर ध्यान नहीं दे रहे। इससे लोगों के बीच रजिस्ट्रेशन कार्य को लेकर तू-तू-मैं-मैं की स्थिति निर्मित हो रही है।
इसी तरह शहर के ब्राह्मणपारा निवासी अरविंद शर्मा ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल व पहलगांव से 6-6 सीट की व्यवस्था की गई है। राजनांदगांव जिले से टोटल मेंबर लिए गए हैं। 14 तारीख से लोग बैंक के सामने नंबर लगाए हुए हैं लेकिन अत्यधिक लोग होने के चलते सर्वर काम नहीं कर रहा और सर्वर डाउन हो गया है। हालांकि बैंक वाले लोगों के पंजीयन फार्म सीरियल वाइज जमा कर रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या दुर्ग भिलाई व रायपुर के लोगों को भी राजनांदगांव के पंजाब नेशनल बैंक में रजिस्ट्रेशन के लिए व्यवस्था कर दिए जाने से अमरनाथ जाने वाले यात्रियों की भीड़ यही उमड़ रही है। उस पर सर्वर डाउन की समस्या भीषण गर्मी मे आग में घी डालने का काम कर रहा है।



