Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में लागू होगी नई राष्ट्रीय खेल नीति, ग्रासरूट लेवल पर हॉकी...

छत्तीसगढ़ में लागू होगी नई राष्ट्रीय खेल नीति, ग्रासरूट लेवल पर हॉकी को मजबूत बनाने का संकल्प…

25
0

राजनांदगांव (दावा)। न्यायधानी बिलासपुर के एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने स्पष्ट किया कि हॉकी इंडिया के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय खेल सरकारी अधिनियम 2025 के सभी प्रावधानों को कड़ाई से लागू किया जाएगा। अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि पिछला वर्ष प्रदेश में हॉकी के लिए ऐतिहासिक रहा। उन्होंने खेल गतिविधियों में रुचि लेने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और खेल मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिया कि वे अपने दस्तावेज (सोसायटी रजिस्ट्रेशन, पैन कार्ड, बैंक खाता) दुरुस्त करें, ताकि हॉकी इंडिया से मिलने वाली अनुदान राशि सीधे जिला संघों तक पहुंच सके।

बजट पारित और आगामी प्रतियोगिताओं पर चर्चा
महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। आगामी सत्र के लिए सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के स्थलों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। बैठक में पहली बार आयोजित ट्राइबल गेम्स की सफलता और पुरुष टीम के कांस्य पदक जीतने पर हर्ष व्यक्त किया गया।

विशेषज्ञों और कोचों के महत्वपूर्ण सुझाव
हॉकी के विकास के लिए बैठक में कई अहम सुझाव आए। जिनमें ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव अमरनाथ सिंह ने स्थानीय कोचों के लिए राष्ट्रीय स्तर के क्वालीफाइड कोचों द्वारा सेमिनार आयोजित करने का सुझाव दिया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे ने बताया कि प्रदेश की जूनियर महिला टीम देश की शीर्ष 4 टीमों में शामिल है। जो ग्रासरूट पर हो रहे काम का परिणाम है। वरिष्ठ प्रशिक्षक अनुराज श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण शिविरों में आधुनिक कोचिंग प्रणाली अपनाने पर जोर दिया। संघ के संयुक्त सचिव गोपेश्वर कहरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा जिलों को हॉकी स्टिक उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खिलाडिय़ों को सुविधाएं देना संघ की प्राथमिकता है। आमसभा में अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, अमरनाथ सिंह, रोहित बाजपेई, गोपेश्वर कहरा, राजेंद्र जायसवाल, मृणाल चौबे, अनुराज श्रीवास्तव, अमिताभ मानिकपुरी, अंसार अहमद, रवि पारीक और विभिन्न जिला हॉकी संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनीष श्रीवास्तव और आभार प्रदर्शन गोपेश्वर कहरा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here