राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन को आधार मानकर तैयार किए गए इस बजट में पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और अधोसंरचना विकास पर विशेष जोर दिया गया है। बजट में कुल प्रस्तावित आय 579 करोड़ 83 लाख 18 हजार रुपये और व्यय 643 करोड़ 49 लाख 71 हजार रुपये अनुमानित है। प्रारंभिक अवशेष राशि को मिलाकर यह 15 लाख रुपये के लाभ का बजट है।

प्रस्तुत बजट की प्रमुख विशेषताओं पर आपका ध्यान अपेक्षित है। जिमसें पेयजल व्यवस्था हेतु शहर के कुछ क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत को देखते हुए 3 उच्च स्तरीय जलागार टंकी निर्माण (गोकुल नगर क्षेत्र, नया ढाबा, चिखली से गौरी नगर के बीच) तथा पाईप पाईन का विस्तार एवं 10 एमएलडी का फिल्टर प्लांट निर्माण हेतु 15 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। जल संयंत्र गृह मरम्मत हेतु नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने मोहारा स्थित जल संयंत्र गृह के 3 जल शोधन प्लांट मरम्मत हेतु 4 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शुद्ध पेयजल (मिनरल वॉटर) का बाटलिंग प्लांट स्थापना हेतु नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल (मिनरल वॉटर) का बाटलिंग प्लांट पीपीपी मॉडल से स्थापित करने हेतु 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। पाईप लाईन विस्तार हेतु शहर में पेयजल व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन हेतु नवीन क्षेत्रों में पाईप लाईन विस्तार, इंटर कनेक्शन, सिंटैक्स टैंक की स्थापना तथा गंज चौक से कंचनबाग टंकी तक राईजिंग मेन पाईप लाईन 300 एमएम डाया पाईप लाईन विस्तार करने हेतु 6 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के पुराने कुओं के संरक्षण हेतु 20 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। भूजल स्तर को ऊंचा करने शहर में आवश्यकता अनुसार वॉटर हार्वेस्टिंग लगाने हेतु 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख तालाबों के संरक्षण एवं सौन्दर्यीकरण हेतु 1.50 करोड रूपए का प्रावधान रखा गया है। नगरोत्थान योजनांतर्गत शहर के रानीसागर एवं बूढ़ासागर के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण हेतु 14 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। पर्यावरण संरक्षण एवं शहर में हरियाली की दृष्टिकोण से वार्डो में आवश्यकता अनुसार वृक्षारोपण हेतु 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के विभिन्न वार्डो में स्थित उद्यानों के संरक्षण, सौन्दर्यीकरण, ओपन जीम, खेलकूद उपक्रम की स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शिक्षा हेतु ठाकुर प्यारेलाल सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला में हाईटेक प्रयोगशाला की स्थापना, वार्ड नं. 39 स्थित शासकीय प्राथमिक शाला अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा स्टेट हाईस्कूल स्थित पूर्व माध्यमिक अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं ई-लाइब्रेरी में सुविधा विस्तार हेतु 1 करोड रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के 2 कन्या हाईस्कूल में 50-50 निर्धन छात्राओं की शिक्षा व्यवस्था हेतु 5 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है।
शहर के क्रिकेट खिलाडिय़ों के लिए बॉक्स-टर्फ क्रिकेट तथा कैफे निर्माण हेतु 50 लाख रूपए तथा खेलकूद आयोजन हेतु 10 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। निगम सीमाक्षेत्र के नागरिको को तैराकी सीखने नगर निगम द्वारा निर्मित स्वीमिंग पुल के जीर्णोद्धार तथा परिसर में कैफे हाऊस निर्माण हेतु 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम के आय में वृद्धि करने स्टेशन रोड, दूरसंचार विभाग के पास एवं ट्रान्सपोर्ट नगर में व्यवसायिक परिसर निर्माण हेतु 5 करोड़ रूपए (लोन एवं अनुदान) का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम कार्यालय स्थित निगम स्वामित्व के दुकानों का पुन: निर्माण तथा प्रथम तल निर्माण हेतु 10 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के सभी 51 वार्डो में आवश्यकता अनुसार डामरीकृत सडक़, सीमेंट कांक्रीट रोड, नाली, नाला तथा पेवर ब्लॉक निर्माण हेतु 50 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख चौक जिसमें गांधी चौक, जयस्तंभ चौक, नंदई चौक, फरहद चौक, ट्रान्सपोर्ट नगर तिराहा तथा रामदरबार चौक के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण हेतु 3 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख स्थल रेल्वे स्टेशन रोड सौंदर्यीकरण हेतु 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर मे मांगलिक, परिवारिक, सामाजिक व अन्य कार्यक्रम आयोजित करने चिखली, ऑडिटोरियम के पीछे एवं पुष्पवाटिका के पीछे योगाहॉल, नीलगिरी पार्क में निर्मित भवन के व्यवस्थित निर्माण हेतु 2 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।
शहर के प्रमुख स्थलो में महात्मा गांधी, बाबा साहेब आम्बेडकर, महंत राजा सर्वेश्वर दास, जिले के निर्माता पं. किशोरीलाल शुक्ल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कन्हैया लाल अग्रवाल, शहीद वीर नारायण सिंह, राजा रंजित सिंह तथा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम सीमांतर्गत स्थित प्रमुख, सार्वजनिक एवं पुरातात्विक महत्व के ऐतिहासिक मंदिरो का जीर्णोद्धार करने 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम की आय में वृद्धि करने ट्रान्सपोर्ट नगर स्थित भूखण्ड में पेट्रोल पंप तथा एटीएम स्थापना हेतु 2 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। सुगम यातायात के लिए शासन द्वारा अधोसंरचना विकास योजनांतर्गत बाईपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक सडक़ चौडीकरण करने 6.50 करोड़ रूपए तथा जीई रोड से लखोली कबाडी दुकान तक सड्क़ चौडीकरण हेतु 14.50 करोड़ रूपए, इसी प्रकार आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सडक़ निर्माण करने 7 करोड रूपए का प्रावधान रखा गया है।
शहर के मोहारा, मोतीपुर तथा अन्य मुक्तिधामों के उन्नयन कार्य एवं मठपारा स्थित गौशाला पिंजरापोल मुक्तिधाम में इलेक्ट्रीक शवदाह गृह स्थापना के साथ ही पारसी एवं क्रिश्चियन कब्रिस्तान उन्नयन के अलावा 1 शव वाहन क्रय हेतु कुल 4 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख स्थानों जैसे हॉट बाजार, फरहद चौक, प्रेस क्लब कॉलोनी के साथ, लखोली, स्टेट हाईस्कूल, चिखली, मोतीपुर स्कूल मैदान तथा अन्य स्थानों में हाईमास्क की स्थापना हेतु 3 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए शिवनाथ महोत्सव हेतु छग शासन, संस्कृति विभाग तथा नगर निगम द्वारा आयोजन हेतु 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। बलराम दास टाऊन हॉल (पूर्व नगर पालिका मुख्य कार्यालय) स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न आयोजन हेतु 30 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए इलेक्ट्रिक चार्जिंग सेंटर निर्माण हेतु 10 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख 5 स्थानों में महिला प्रसाधन निर्माण हेतु 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने महिला हाट बाजार निर्माण हेतु 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। निगम सीमाक्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं (वर्किंग वूमेन) के लिए हॉस्टल निर्माण हेतु 2 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के छोटे व्यवसायी (स्ट्रीट वेंडर) के व्यवस्थित संचालन करने स्ट्रीट वेंडर की स्थापना हेत 3 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के आवारा एवं पालतु कत्तों का बधियाकरण डीवर्मीकल तथा वेक्सीनेशन के लिए 100 कुत्ते रखने डॉग शेल्टर की स्थापना एवं वार्ड मेे कम से कम एक फीडिंग पाईट का निर्माण किये जाने हेतु 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।
शहर के चिन्हांकित टीबी मरीजों के पोषण आहार हेतु 5 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत घर में ही कचरा पृथक करने नगर निगम क्षेत्र के घर-घर में डस्टबिन वितरण हेतु 1 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर के प्रमुख सडक़ों की सुंदरता एवं सौंदर्यीकरण तथा कचरा संग्रहण हेतु मुक्कड़ को समाप्त कर टेंचिग ग्राउण्ड में रखने 25 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। शहर में गौ-वंश को जगह जगह हरा चारा खिलाने गौ सेवको के लिए शहर में ट्राली संचालन किए जाने 10 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चो के मनोरंजन के लिए रविवार को सुबह मस्ती की पाठशाला लगाने 10 लाख रूपए का प्रावधान रखा गया है। नगर निगम के विभिन्न कार्यो के संचालन हेतु आवश्यकता अनुसार वाहन खरीदी करने 5 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। उपरोक्त प्रावधानों के अलावा पूर्व के बजट के दीर्घकालीन योजनाए जैसे:- पुत्रीशाला, गुडाखु लाईन औषधालय व पुराना बस स्टैण्ड में शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण, आडिटोरिंयम निर्माण, चिखली ओव्हर ब्रिज से चिखली रोड चौडीकरण, रॉ वाटर के मोंगरा बैराज से पाईप लाईन विस्तार, शिवनाथ नदी उन्नयन, मोहरा शिवनाथ नदी के एनीकट की उचाई बढ़ाने आदि प्रावधान जो शासन एवं विभिन्न स्तर में प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा राज्य शासन द्वारा बजट प्रावधान के सभी कार्य को भी इस बजट में समाहित किया गया है।
महापौर श्री यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जनहित में दलगत राजनीति से उपर उठकर आप सभी के सहयोग से शहर विकास की मंशा को लेकर सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही कुछ नये प्रस्ताव के साथ पुराने प्रस्ताव को पूर्ण करने कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
अंत में उन्होंने राजनांदगांव नगर की विकास योजनाओं को पूर्ण करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव, प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद संतोष पाण्डे सहित निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले एवं पार्षदों से पूर्व की भांति सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की है।
पार्षद हफीज ने उठाए पुराने मुद्दे, सदन में पसरा सन्नाटा

शहर के गौरीनगर वार्ड के 5 बार के पार्षद वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हफीज खान ने पुराने मुद्दों का बखान कर सभी को स्तब्ध कर दिया। इससे सदन में सन्नाटा पसरा रहा। उन्होंने ने कहा कि आज इन सब सुविधाओं का ध्यान कर जनता का मन जीता जा सकता है, परंतु जब तक यह कार्य धरातल पर नजर नहीं आएगा, आप जनता का दिल नहीं जीत सकते। हफीज खान ने उनके वार्ड गौरीनगर के साथ सौतेला व्यवहार होने का भी आरोप लगाया और कहा कि उसके वार्ड में जहां स्कूल खेल का मैदान और सडक़ें जर्जर पड़ी है। जनता हमसे सवाल करती है, हम जवाब देने में अक्षम नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह इसाई कब्रिस्तान, मुक्तिधाम के बारे में सोंचा गया उसी तरह जर्जर हो चुके मुस्लिम कब्रिस्तान के बारे मे सोचा जाना चाहिए। हफीज ने निगम कर्मचारियों के वेतनमान बढ़ाने की बात कही, तब भी सदन में खामोशी छाई रही। बहरहाल देर शाम तक निगम में लाए गए 17 लाख रुपए लाभ का बजट सर्वसम्मति से पास हो गया। इसके लिए महापौर मधुसूदन यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद संतोष पाण्डे, नगरीय निकाय मंत्री सहित सबके सहयोग के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सांसद प्रतिनिधि विधायक प्रतिनिधि एवं सभी पार्षदों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।



