सडक़ों पर कब्जा करने वालों को आयुक्त की दो टूक- खुद हटा लें कब्जा, वरना देना होगा जुर्माना
राजनांदगांव (दावा)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित दस्ते ने ममता नगर, कलेक्ट्रेट और ठाकुर प्यारेलाल स्कूल क्षेत्र में अभियान चलाकर सडक़ों व नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। निगम के अतिक्रमण दस्ते ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर निम्नलिखित स्थानों पर कार्रवाई की। जिसमें ममता नगर (गली नं. 5) में दुकान के बाहर मुख्य सडक़ पर लगाई गई सीढिय़ों को तोड़ा गया। कलेक्ट्रेट के बाजू में अवैध रूप से खड़े ठेला-खोमचा वालों को हटाया गया। ठाकुर प्यारेलाल स्कूल के समीप अवैध रूप से रखे गए शामियाना और अन्य सामानों को जब्त कर क्षेत्र को साफ कराया गया।
स्वच्छता सर्वेक्षण और सुगम यातायात पर जोर
निगम आयुक्त ने भवन अधिकारी एवं अतिक्रमण दस्ते को निर्देशित किया है कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के पूर्व पूरे शहर को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ किनारे अवैध शेड, पसरा और मलमा रखने से न केवल सफाई में अवरोध आता है, बल्कि यातायात बाधित होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। दस्ते को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायत के आधार पर तत्काल मौके पर पहुंचें और समझाइश के बाद भी कब्जा न हटाने वालों पर कठोर कार्रवाई करें।
आयुक्त की अपील : शहर को साफ रखने में करें सहयोग
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें और सडक़ों पर निर्माण सामग्री या मलमा न फैलाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर ठेला-खोमचा न लगाएं। निगम दस्ता कार्रवाई करे, उससे पहले स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें। नियमों का उल्लंघन करने पर बिना पूर्व सूचना के सामग्री जब्त की जाएगी और जुर्माना वसूला जाएगा।



