विधायक प्रतिनिधि ने ली ग्रामीण मंडल की बैठक,
पंचायत भवन और पानी टंकी जैसे कार्यों की समीक्षा
राजनांदगांव (दावा)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक में विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार और तेज होगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संतोष अग्रवाल ने बताया कि डॉ. रमन सिंह ने ग्रामीण जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में नवीन पंचायत भवनों का भूमिपूजन हो चुका है और जल्द ही अन्य निर्माण कार्य भी शुरू कर दिए जाएंगे। पेयजल की समस्या पर उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
बैठक के दौरान ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख मांगों और समस्याओं से विधायक प्रतिनिधि को अवगत कराया। चर्चा के दौरान मुख्य रूप से इन मांगों पर जोर दिया गया। जिसमें अटल समरसता भवन एवं मुक्तिधाम का निर्माण, पेयजल हेतु नई पानी टंकियों की स्थापना, गांवों में गौरवपथ एवं नवीन पंचायत भवनों का निर्माण, उचित मूल्य दुकानों के संचालन हेतु स्वतंत्र भवन की व्यवस्था, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर आदि है। श्री अग्रवाल ने पदाधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कहीं भी निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब हो रहा हो, तो तत्काल सूचित करें ताकि समस्याओं को दूर कर कार्य को द्रुत गति से पूर्ण कराया जा सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहित चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, लीलाधर साहू, कृष्णा तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, खिलेश्वर साहू, महामंत्री मोतीराम देवांगन, बलराम निर्मलकर, रमन राजपूत, संदीप साहू एवं शक्ति केंद्र प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



