० शादी समारोह में पहुंचे नाबालिग आरोपियों ने वारदात को दिया अंजाम, मृतक की उम्र महज 20 वर्ष
० एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात, हिरासत में लिए गए सभी आरोपी
डोंगरगढ़ (दावा)। डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम रामाटोला में रविवार की रात शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने चाकूबाजी कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हिंसक झड़प में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा और तनाव का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक योमिश सिन्हा (20 वर्ष) का कुछ दिन पहले ग्राम सांकरा में एक शादी के दौरान कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी रविवार देर रात रामाटोला में चल रहे एक विवाह समारोह में बाराती बनकर पहुंचे। उन्होंने योमिश को अकेला पाकर उसे घेर लिया। पहले उसके साथ जमकर मारपीट की गई और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। जिससे योमिश की मौके पर ही मौत हो गई।
नाबालिग बताए जा रहे हैं आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और फरार होने की फिराक में लगे आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी नाबालिग हैं। फिलहाल पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और अन्य साथियों की संलिप्तता का पता चल सके। हृदय विदारक घटना के बाद गांव में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



