रायपुर (दावा)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में राजनांदगांव जिले के शानदार प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह जी ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने जिले के सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस बड़ी उपलब्धि के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
आंकड़ों पर संतोष व्यक्त करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि इस वर्ष जिले के परिणामों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। 10वीं कक्षा का परिणाम पिछले वर्ष के 68.76 प्रतिशत से बढक़र इस बार 89.41 प्रतिशत रहा है (20.65 प्रति. की वृद्धि)। वहीं 12वीं कक्षा में भी जिले ने 87.56 प्रतिशत परिणाम के साथ 5.31 प्रति. की बढ़त दर्ज की है। इसके साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी ने राजनांदगांव के दीप विजय गेंन्द्रे 10वीं में 96.17 प्रतिशत और कक्षा 12वीं में गजेंद्र कुमार (95.60 प्रतिशत), भूपेंद्र चंदेल (94.60 प्रतिशत), साक्षी वर्मा (94.40 प्रतिशत) प्राप्त करने पर बधाई दी।
साथ ही, विद्यार्थियों के लिए डॉ. रमन सिंह का संदेश है कि बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों को बहुत-बहुत बधाई। आपकी मेहनत ने राजनांदगांव का मान बढ़ाया है। जो बच्चे इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूँ कि आपको निराश होने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है। यह सिर्फ एक पड़ाव है। आप पूरी हिम्मत के साथ अगली बार फिर से तैयारी करें, मेहनत करें, आप निश्चित ही अच्छे नंबरों से सफल होंगे। मेरी शुभकामनाएं सदैव आपके साथ हैं।



