Home छत्तीसगढ़ डोंगरगढ़ में अवैध शराब के ‘मिनी कारखाने’ का भंडाफोड़: MP की व्हिस्की...

डोंगरगढ़ में अवैध शराब के ‘मिनी कारखाने’ का भंडाफोड़: MP की व्हिस्की और CG के ढक्कन; री-पैकिंग के बड़े खेल का खुलासा…

117
0

डोंगरगढ़। जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ग्राम कातलवाही में दबिश देकर भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब और पैकिंग सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई देर शाम शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चली।

बता दें कि प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में टीम ने बिना सर्च वारंट के भिखारी निषाद के बाड़ी स्थित मकान पर छापा मारा। सूचना के आधार पर की गई इस दबिश में नाले किनारे अवैध भंडारण और शराब की हेराफेरी की पुष्टि हुई।

243 लीटर अवैध शराब बरामद
तलाशी के दौरान कुल 243 बल्क लीटर अवैध व्हिस्की बरामद की गई, जिसमें 264 बोतल (750 एमएल) बॉम्बे व्हिस्की और 250 पाव (180 एमएल) गोवा व्हिस्की शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी मिली।

री-पैकिंग और सप्लाई का खुला नेटवर्क
कार्रवाई में सिर्फ शराब ही नहीं, बल्कि नकली पैकेजिंग का पूरा नेटवर्क सामने आया। मौके से 200 खाली बोतलें (MP लेबल), 500 खाली पाव (छत्तीसगढ़ लेबल), 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन बरामद किए गए। इससे स्पष्ट है कि यहां अवैध री-पैकिंग और सप्लाई का संगठित कारोबार चल रहा था।

मुख्य आरोपी सोनू मौके से फरार
छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
डोंगरगढ़ क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध शराब से जुड़े कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें टैंकर, रैपर और पैकिंग सामग्री तक जब्त की गई थी। इसके बावजूद इस नेटवर्क के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here