महापौर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर जताया हर्ष, कहा- तुष्टीकरण पर राष्ट्रवाद की जीत
राजनांदगांव (दावा)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर राजनांदगांव महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इस जीत को ऐतिहासिक और राष्ट्रवाद की विजय बताया है। महापौर मधुसूदन यादव ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुशल रणनीति और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे संघ व भाजपा के अज्ञात कार्यकर्ताओं के बलिदान को दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर को लेकर एक विधान, एक निशान, एक प्रधान का जो सपना देखा था। बंगाल की जनता ने भाजपा को चुनकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
ममता सरकार के अभेद्य किले में सेंध
पूर्व सांसद यादव ने कहा कि 2011 से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के किले को भेदकर भाजपा ने साबित कर दिया है कि जनता का विश्वास अब सुशासन और राष्ट्रप्रेम में है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने न केवल ममता बनर्जी की राष्ट्रीय विस्तार की योजनाओं को झटका दिया है, बल्कि इंडी गठबंधन के दावों को भी चकनाचूर कर दिया है। महापौर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ममता सरकार में बंगाल के संसाधनों का दोहन घुसपैठियों द्वारा किया जा रहा था, लेकिन अब भाजपा की सरकार प्रदेश के मूल निवासियों के कल्याण के लिए कार्य करेगी। उन्होंने दावा किया कि अब बंगाल की जनता को आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी केंद्रीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा। मधुसूदन यादव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब डबल इंजन की सरकार के साथ विकास और समृद्धि की नई गाथा लिखेगा। उन्होंने बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए वहां के नागरिकों को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।



