Home छत्तीसगढ़ खूनी रंजिश : पत्नी के दूसरे के साथ रहने से नाराज पति...

खूनी रंजिश : पत्नी के दूसरे के साथ रहने से नाराज पति ने टंगिया मारकर की हत्या, 12 घंटे में गिरफ्तार…

16
0

राजनांदगांव (दावा)। थाना लालबाग क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कविराज टोलागांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी द्वारा उसे छोडक़र दूसरे के साथ रहने से उपजी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी (टंगिया) से वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। लालबाग पुलिस ने मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 4 मई की सुबह की है। आरोपी रंजीत पारधी (38 वर्ष) को अपनी पत्नी पूर्णिमा पारधी के चचेरे भाई के साथ रहने पर गहरा आक्रोश था। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जब पूर्णिमा गांव के शासकीय शौचालय के पास जा रही थी। तभी आरोपी रंजीत अपनी टीवीएस मोपेड से वहां पहुंचा और पास रखी टंगिया से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी रमेश पटेल ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रंजीत पारधी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसकी शादी 12-13 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं, लेकिन पिछले एक साल से उसकी पत्नी उसे छोडक़र उसके चचेरे भाई सूरज पारधी के साथ रह रही थी। जिससे वह आहत था। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, घटना में इस्तेमाल की गई टीवीएस मोपेड एवं खून से सने कपड़े बरामद किए है। इन सभी को विधिवत जप्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here