भंडारपुर सुशासन शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 17 गांवों से आए 806 आवेदन, सरपंच ने पीएचई विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
छुरिया (दावा)। ग्राम पंचायत महराजपुर में पेयजल संकट से निपटने के लिए लाखों रूपयों की लागत से तीन साल पहले पानी टंकी का निर्माण किया गया था, लेकिन विडंबना यह है कि आज तक ग्रामीणों को पानी टंकी से पेयजल की सप्लाई नहीं हो पायी है। पानी टंकी महज शोपीस बनकर रह गई है। ग्राम भंडारपुर में आयोजित सुशासन तिहार में सरपंच सहित ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताते हुए पेयजल समस्या की मांग की है। शासन की महत्वपूर्ण योजना सुशासन तिहार वर्ष 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर विकासखण्ड छुरिया के ग्राम भंडारपुर में एक मई को आयोजित किया गया था। इस शिविर में 17 गांवों को शामिल किया गया था। शिविर प्रांरभ होते ही भीषण गर्मी में भी सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं की भारी भीड़ पंजीयन काउण्टर में उमड़ पड़ी। ग्राम पंचायत महाराजपुर की सरपंच श्रीमती क्षमा तिवारी एवं ग्रामीणों ने शिविर में पीएचई विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि लाखों रूपये की लागत से तीन साल पहले पानी टंकी का निर्माण किया गया था, लेकिन पानी टंकी से सप्लाई नहीं किया गया है। जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसका निराकरण करने की मांग की गई। शिविर में 806 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें से अधिकांश वृद्धा पेंशन, उज्जवला गैस, पीएम आवास, नया राशन कार्ड, विकलांग पेंशन, विद्युत पोल, जमीन सीमांकन, हेण्ड पम्प खनन, सडक़, बिजली सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें से तीन शिकायत आवेदन भी मिले है। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव, जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता मंडावी, गोपाल भूआर्य, श्रीमती बिरम मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती भेषबाई साहू, जनपद सदस्य श्रीमती उत्तरा बाई निषाद, पल्ली नायडू, एमडी ठाकुर, भाजपा मण्डल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, बोधन साहू, हिरेन्द्र साहू एवं एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, जनपद सीईओ होरीलाल साहू, तहसीलदार आकांक्षा साहू सहित समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
बोईरडीह से हालेकोसा, शिकारीमहका सडक़ में मुरूम की मांग
भंडारपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीण खिलावन पटेल ने बोईरडीह से हालेकोसा एवं बोईरडीह से शिकारीमहका कच्ची सडक़ मार्ग अत्यंत जर्जर होने से इस मार्ग में मुरूम डालने की मांग की। ताकि ग्रामीणों को सुचारू रूप से आवागमन में परेशानी न हो।
मासूलजोब नहर नाली को पाटकर खेत बनाने की शिकायत
शिविर में मासूलजोब जलाशय के मुख्य नहर पिनकापार की ओर बने सहायक नहर को पाटकर खेत बनाने की धनीराम कंवर ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि ग्राम के महरू और दशरू कंवर द्वारा कब्जा कर खेत बना दिया गया है जिससे डेढ़ सौ एकड़ में 40 से 50 किसानों को सिंचाई योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गांव से बहिष्कृत, उचित कार्यवाही की मांग
बिसाहूटोला के ग्रामीण अलखराम साहू ने शिविर में पुलिस विभाग चिचोला को शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसे गांव से बहिष्कृत कर दिया। जिससे उसे व उसके परिवार के समक्ष रोजी रोटी की समस्या आ पड़ी है। अत: इसकी शिकायत दर्ज कर उन नामों का उल्लेख करते हुए उचित कार्यवाही की मांग शासन प्रशासन से की है।



