राजनांदगांव (दावा)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा एवं एनडीए गठबंधन की जीत को लेकर छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा ने कहा कि यह जनादेश जनता के भरोसे, सुशासन और विकास की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जिस पारदर्शी और जवाबदेही वाले शासन की नींव रखी है, उसी पर जनता ने विश्वास जताया है।
श्री शर्मा ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के संगठनात्मक प्रयासों ने कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा दी। महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने वाली योजनाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है। युवाओं को रोजगार और अवसर देने के लिए भाजपा ने जो ठोस कदम उठाए हैं। वही जनता के विश्वास का आधार बने। उन्होंने आगे कहा कि असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जनता ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास को चुना है। सडक़, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयासों ने लोगों का विश्वास जीता है। वहीं पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की जीत यह दर्शाती है कि जनता को स्थिर और विकासोन्मुख सरकार की आवश्यकता है।
विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के मानबाजार विधानसभा का उल्लेख करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पिछले चुनाव में यहां तृणमूल कांग्रेस विजयी रही थी, लेकिन इस बार जनता ने भाजपा को चुना है। मैंने स्वयं मानबाजार विधानसभा में दो महीने से अधिक समय तक वहां कार्यकर्ताओं के साथ काम किया। जनता ने निवर्तमान सरकार की विफलताओं को नकारते हुए भाजपा पर भरोसा जताया है। श्री शर्मा ने इसे लोकतंत्र की सच्ची जीत बताते हुए कहा कि यह जनादेश महिलाओं के सम्मान, युवाओं के भविष्य और समाज में समानता व विकास को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।



