अपहरण के प्रयास की घटना के बाद भावुक हुई फूलबासन, भाई देवेंद्र के गले लगकर रोई, कांग्रेस नेताओं का दल पहुंचा सुकुलदैहान…
राजनांदगांव (दावा)। पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण के प्रयास की हालिया घटना के बाद प्रदेश की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार सुबह भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव अपने समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के साथ फूलबासन बाई से मिलने उनके निवास ग्राम सुकुलदैहान पहुंचे। विधायक देवेंद्र यादव को अपने बीच पाकर पद्मश्री फूलबासन बाई अत्यंत भावुक हो गईं। उन्होंने छोटे भाई की तरह देवेंद्र यादव को गले लगाया और फूट-फूटकर रोते हुए उस दिन की पूरी आपबीती और दहशत साझा की। विधायक ने उन्हें ढांढस बंधाया और हर परिस्थिति में साथ खड़े होने का भरोसा दिया।
सुरक्षा व्यवस्था की खुल गई पोल – देवेंद्र यादव
मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित महिला, जिन्होंने विश्व स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया और लाखों महिलाओं के उत्थान के लिए 28 साल समर्पित किए, उनके साथ ऐसी घटना होना शर्मनाक है। यह प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। देवेंद्र यादव ने सरकार से मांग की कि जिस तरह विधायक और पूर्व विधायकों को प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा प्रदान की जाती है। उसी तर्ज पर पद्मश्री फूलबासन बाई को भी सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह वनांचल के दूरस्थ क्षेत्रों में पैदल चलकर महिलाओं और बच्चों के लिए काम करती हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। विधायक ने इस घटना के पीछे किसी गहरे षड्यंत्र की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिन चेहरों को पकड़ा है। वे केवल मोहरे हो सकते हैं। पुलिस को गहराई से जांच कर मास्टरमाइंड तक पहुंचना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि पद्मश्री जैसी सम्मानित महिला के साथ इस प्रकार की घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जब पद्मश्री जैसे राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत व्यक्तित्व भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति सहज ही समझी जा सकती है। विपिन यादव ने कहा कि यह घटना प्रदेश में बढ़ते अपराधियों के हौसलों और शासन-प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पद्मश्री फूलबासन बाई यादव को तत्काल विधायकों जैसी उच्च स्तरीय सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस मुलाकात के दौरान देवेंद्र यादव के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन यादव, जितेन्द्र मुदलियार, खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव और गौ सेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मन्ना यादव, रितेश जैन, डोंगरगढ़ ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष पंचराम चंदेल, जितेंद्र सिंह भाटिया, लक्ष्मण साहू, अमीन उके, मतीन खान, अमित अग्रवाल, विशु अजवानी, मानव देशमुख, अमर झा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए फूलबासन बाई की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की।



