राजनांदगांव (दावा)। पिछले कुछ दिनों से शहर सहित जिले भर में हितग्राहियों को राशन दुकानों से अप्रैल, मई व आगामी जून माह का एकमुश्त तीन महीने का चांवल वितरण किया जा रहा है। बीच में खाद्य विभाग द्वारा पीडीएस की दुकानें में चांवल का भंडारण नहीं किए जाने से हितग्राही केवल अप्रैल माह का चांवल छुड़ा कर जा रहे थे। वहीं ई- केवाईसी नहीं कराए जाने के कारण कई हितग्राही अपना चांवल नहीं उठा पाए थे।
इधर कलेक्टर के निर्देश पर नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा सतर्कता दिखाते हुए जिले के 498 उचित मूल्य की दुकानों में चावंल का भंडारण कराए जाने पर हितग्राहियों को तीन महीने का चांवल एक मुश्त वितरण किया जाना शुरू हो गया। इसके राशन दुकानों में हितग्राहियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अब इधर खाद्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को उक्त तीन माह का चांवल उठाने के लिए 15 मई तक का समय दे दिए जाने से राशन दुकानों में हितग्राहियों की लंबी कतारें लडऩे लगी है जिससे पीडीएस दुकान संचालकों का खाना-पीना नहाना-धोना हराम हो गया है।
सुबह से देर शाम तक खुल रही राशन दुकानें
खाद्य विभाग द्वारा उक्त चांवल 15 मई तक उठाने के अल्टीमेटम दिए जाने और नहीं उठाने पर उक्त चांवल के लैप्स हो जाने की चेतावनी देने पर लोग जितना जल्दी हो सके अपने तीन माह का एकमुश्त चावल छुड़ाने, राशन दुकानों में लंबी कतारें लगाए हुए हैं।
इधर जब से जिले के हितग्राहियों को 15 मई तक शासकीय उचित मूल्य के दुकानों में तीन महीने का एकमुश्त चांवल उठाव करने के लिए कहा गया हैं, राशन दुकानों में हितग्राहियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। खाद्य विभाग द्वारा पीडीएस संचालकों पर तेजी से वितरण का दबाव बनाए जाने से संचालक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक व अपराह्न 4 बजे से रात में 8 बजे तक दुकान चालू रख कर हितग्राहियों को तीन महीने का एकमुश्त चांवल वितरण कर रहे हैं। इससे पीडीएस संचालकों का नहाना खाना हराम हो गया है।
15 मई तक राशन नहीं उठाने पर होगा लैप्स
खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी के हवाले से अधीनस्थ द्रोण कामड़े ने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा पीडीएस की दुकानों से तेज़ी से एकमुश्त चांवल वितरण और फिर भंडारण करने की व्यवस्था लागू की है। बताया गया है। जिन हितग्राहियों ने अप्रैल माह का राशन नहीं लिया है, उनका राशन लैंप्स नहीं हुआ। उन्हें 15 मई तक उठाव का समय दिया गया है। ऐसे हितग्राहियों को तीन माह का एकमुश्त का राशन मिलेगा। वहीं ऐसे हितग्राही जिन्होंने अप्रैल माह में केवल एक अप्रेल का राशन उठाव किया है, उन्हें मई और जून माह का राशन वितरण किया जायेगा। यानि कि उनका शेष दो माह का राशन लैप्स नहीं होगा।
लापरवाही पर पीडीएस संचालकों
के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
खाद्य विभाग द्वारा तीन माह का एकमुश्त चांवल वितरण के लिए पीडीएस संचालकों को तेजी लाने के लिए कहा गया है। संचालकों को ज्यादा से ज्यादा समय तक दुकानें खुली रखने के लिए कहा गया है ताकि हितग्राही अपने तीन माह का एकमुश्त चावल उठा सकें। लापरवाही करने पर पीडीएस के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का तलवार लटका दिया गया है। इससे राशन दुकानदार सुबह से लेकर रात में 8 बजे तक अपनी दुकानें खोल रहें हैं। इस आपाधापी में मात्र 2 घंटे ही उन्हें आराम के लिए मिल पा रहा है। बहरहाल खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 30 अप्रैल तक तीन माह का एकमुश्त राशन वितरण नहीं होने पर इसका अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मई कर दी गई है, और इस तिथि तक यदि कोई भी हितग्राही अपने तीन महीने का चांवल उठा नहीं पाने से उसका चांवल लैंप्स हो जाएगा। इससे डर कर हितग्राही अपना चांवल उठाने अपने नजदीक के राशन दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे राशन दुकानों में खासी भीड़ नजर आ रही है।



