वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने महापौर और आयुक्त को सौंपा मांग पत्र, फ्लाईओवर से लेकर सडक़, स्कूल, स्वास्थ्य और सुरक्षा तक उठाए कई अहम मुद्दे
राजनांदगांव (दावा)। आज गौरीनगर वार्ड क्रमांक 11, 12 और 13 के लिए आयोजित सुशासन तिहार शिविर में स्थानीय समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच गंभीर चर्चा हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने अपने साथियों एवं वार्डवासियों के साथ गौरीनगर स्कूल पहुंचकर महापौर मधुसूदन यादव तथा नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा को विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया और तत्काल निराकरण की मांग करते हुए विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
पार्षद हफीज खान ने कहा कि नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अग्रवाल ट्रांसपोर्ट (गौरीनगर चौक) के पास उतरे फ्लाईओवर के कारण गौरीनगर और स्टेशनपारा के लोगों को शहर आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों और छात्रों को सर्विस रोड पर गलत दिशा में चलना पड़ता है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही शव को कंधे में लेकर ग्रिल के ऊपर से ले जाना पड़ता है जिस कारण कई बार गलत दिशा से शव को कंधे पर लेकर जाते हैं जिससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है जिस कारण श्री खान ने मांग की कि फ्लाईओवर का उतार नेहरू नगर के आगे किया जाए ताकि रायपुर नाका क्षेत्र सहित हजारों लोगों को राहत मिल सके और भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाली समस्याएं कम हों। सुशासन तिहार शिविर में गौरीनगर के कई इलाकों में डामरीकरण और सीसी रोड निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद कई सडक़ें पूरी तरह जर्जर हो गई हैं। रेलवे क्रॉसिंग दुर्गा मंदिर से गौरीनगर तालाब तक, स्कूल मैदान से रेलवे पावर हाउस तक तथा शीतला मंदिर से गुरूनगर होते हुए महादेव नगर तक सडक़ निर्माण और डामरीकरण की मांग की गई। इसके अलावा देवनगर और महादेव नगर क्षेत्र में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, मुख्य सडक़ों के दोनों ओर नाली निर्माण तथा वार्ड की गलियों में ङ्खक्चरू और सीसी सडक़ स्वीकृत करने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई। पार्षद हफीज खान ने कहा कि गौरीनगर स्कूल मैदान वार्डवासियों के लिए एकमात्र खेल मैदान है जहां सामाजिक, धार्मिक और खेल गतिविधियां आयोजित होती हैं। मैदान में हाई मास्क लाइट लगाने, खेल मैदान का उन्नयन और सौंदर्यीकरण योजना में शामिल करने की मांग की गई। साथ ही गौरीनगर तालाब के सौंदर्यीकरण, सीसी रोड पाथवे, पेवर ब्लॉक निर्माण तथा प्रकाश व्यवस्था की मांग भी रखी गई। महादेव नगर में सामुदायिक भवन एवं गार्डन निर्माण की मांग करते हुए कहा गया कि गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोगों को सामाजिक आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। गौरीनगर में संचालित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूलों की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। स्कूल भवनों की छतों से पानी टपकने और भवन कमजोर होने से दुर्घटना की आशंका व्यक्त करते हुए तत्काल मरम्मत और उन्नयन की मांग की गई। इसके अलावा माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में अपग्रेड करने की मांग भी रखी गई ताकि बच्चों को रेलवे क्रॉसिंग और राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर दूर स्कूल न जाना पड़े। वहीं हमर क्लीनिक में प्राथमिक उपचार, भर्ती सुविधा, आवश्यक दवाइयां, उपकरण और फर्नीचर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। वार्ड की लगभग 5000 आबादी को देखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता बताई गई। वार्डवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौरीनगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसी कैमरे लगाने तथा वार्ड में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण की मांग उठी। साथ ही नशा मुक्ति अभियान और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गौरीनगर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई।।महादेव नगर और प्रसन्ना दास गली क्षेत्र में जर्जर विद्युत पोलों को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। पार्षद हफीज खान ने बताया कि कई बिजली खंभे पूरी तरह झुक चुके हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने तत्काल नए पोल लगाने की मांग की। इसके अलावा गोंडवाना भवन के सामने नाली जाम होने से पानी निकासी बाधित होने, गंदगी और बदबू फैलने की समस्या भी उठाई गई तथा तत्काल सफाई और मरम्मत की मांग की गई। पार्षद हफीज खान ने कहा कि सुशासन तिहार केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गौरीनगर के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।



