दस दिनों तक बिखरेंगी रंग-बिरंगी मनोहारी छटा
राजनांदगांव (दावा)। शहर के गौरव पथ रोड स्थित गुजराती स्कूल के प्रांगण में आज 15 मई को संध्या ७ बजे ‘हमर माटी के तिहार मड़ई-2026’ का भव्य आगाज होने जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डे, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोजाना शाम ४ बजे से लेकर रात 10 बजे तक हमर माटी के तिहार ‘मंडई’ की रंग-बिरंगी मनोहारी छटा बिखरेंगी।
लोककला, गीत, संगीत, नृत्य व खेलकूद की होगी प्रतियोगिताएं
आल वालेंटरी एसोशिएशन फाउंडेशन एवं एच.डी. प्रोडक्शन द्वारा आयोजित हो रहे इस भव्य एवं रंगारंग आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक कला, संगीत, नृत्य, पारंपरिक खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं एवं आधुनिक युवा कला मंच को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों, कारीगरों एवं व्यापारियों के लिए भी एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष होमन देशमुख ने रंगारंग आयोजन ‘राजनांदगांव मड़ई-2026’ का आनंद उठाने लोगों को अधिकाधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की गई है।



