डोंगरगांव के ग्राम आसरा सहकारी समिति में अव्यवस्था से बढ़ी परेशानी, सप्लाई कम होने के कारण एक-दो बोरी से काम चलाने को मजबूर हैं अन्नदाता
डोंगरगांव (दावा)। क्षेत्र के ग्राम आसरा स्थित सेवा सहकारी समिति में खाद वितरण व्यवस्था अव्यवस्थित नजर आ रही है। खाद लेने पहुंचे कई किसान पिछले दो दिनों से सोसायटी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रहा है और भरी गर्मी में किसानों को सुबह से देर शाम तक लंबी कतारों में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। बावजूद इसके आवश्यकता अनुरूप खाद नहीं मिल पा रहा है और लंबे इंतजार के बाद एक-दो बोरी से ही काम चलाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार किसानों की सुविधा और बेहतर व्यवस्था के उद्देश्य से गांव में नई सेवा सहकारी समिति शुरू की गई थी, लेकिन वर्तमान में इस सोसायटी की अव्यवस्था के चलते किसानों की परेशानी बढ़ रही है। खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद नहीं मिलने से किसानों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। इस विषय पर किसानों ने बताया कि खाद वितरण में स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार सोसायटी आना पड़ रहा है। कई किसान दूर-दराज के गांवों से पहुंच रहे हैं। जिससे समय और आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। ग्रामीणों एवं किसानों ने सरपंच, समिति प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने की मांग की है ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
नया सोसायटी है, जो शनिवार से ही खाद वितरण कर रहा है और किसानों की परेशानी को देखते हुए रविवार को भी वितरण किया जा रहा है। कम मात्रा में सप्लाई की वजह से सभी किसानों को सीमित मात्रा में खाद दिया जा रहा है। शीघ्र ही व्यवस्था सुदृढ़ हो जाएगी।
– त्रिभुवन यादव, आसरा सोसायटी प्रबंधक



