Home छत्तीसगढ़ आज घुमका नगर पंचायत चुनाव के लिए मतदान, प्रशासन ने पूरी की...

आज घुमका नगर पंचायत चुनाव के लिए मतदान, प्रशासन ने पूरी की व्यापक तैयारियां…

18
0

घुमका (दावा)। नगर पंचायत घुमका में आज, सोमवार 1 जून को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के मतदान के लिए निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में राजनीतिक दलों ने अपनी पार्टी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। जिसके कारण क्षेत्र में राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए और मतदाताओं में सुरक्षा की भावना जगाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। नगर पंचायत घुमका में निर्भीक, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और मार्गदर्शन में रविवार को नगर में एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।

140 से अधिक जवानों ने किया शक्ति प्रदर्शन, सुरक्षा का दिया संदेश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में 140 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए शक्ति प्रदर्शन किया और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी डर या प्रलोभन के, निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढक़र अपनी भागीदारी निभाएं। राजनांदगांव पुलिस ने फ्लैग मार्च के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए विभाग पूर्णत: प्रतिबद्ध है। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, अशांति फैलाने या कानून व्यवस्था को भंग करने के प्रयासों पर पुलिस द्वारा कड़ी और त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर लिया सुरक्षा का जायजा
चुनाव के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने घुमका के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र के असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पोलिंग बूथों पर व्यापक सुरक्षा बल तैनात किया गया है। इस फ्लैग मार्च और सुरक्षा समीक्षा के दौरान राजनांदगांव जिले के कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जमीन पर मुस्तैद नजर आए। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज, डीएसपी एंब्रोस कुजूर, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, तहसीलदार मुकेश ठाकुर, नायब तहसीलदार अब्दुल वसीम सिद्दीकी, चौकी सुकुलदैहान प्रभारी निरीक्षक भूषण चंद्राकर, चौकी चिचोला प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, चौकी मोहरा प्रभारी निरीक्षक सुमेंद्र खरे, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here