० जिले में स्थानीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, ० मतदाताओं में दिखा भारी उत्साह
० पुलिस के चाक-चौबंद व्यवस्था में शांति प्रिय हुआ मतदान
० पार्टियो द्वारा अपनी-अपनी जीत के लगाए जा रहे कयास
राजनांदगांव (दावा)। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम व उप निर्वाचन अंतर्गत जिले में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। लोकतंत्र के उत्सव में नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम व उप निर्वाचन खुशी के माहौल में संपन्न हुआ। नगर पालिका आम निर्वाचन अंतर्गत नगर पंचायत घुमका में अध्यक्ष पद एवं 15 पार्षद पद के लिए मतदान संपन्न हुआ। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन के तहत जनपद पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत जनपद सदस्य के एक पद तथा जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत सरपंच के 1 पद एवं पंच के 2 पद के लिए मतदान संपन्न हुआ। मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक सहभागिता रही। नगर पंचायत घुमका में मतदान 95.36 प्रतिशत, जनपद पंचायत राजनांदगांव में मतदान 92.97 प्रतिशत एवं जनपद पंचायत डोंगरगांव में मतदान 69.58 प्रतिशत रहा।
नगरीय निकाय के परिणाम 4 जून को
निर्वाचन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं घुमका नगर पंचायत (नगरीय निकाय) के भाग्य का फैसला आने वाली 4 जून को होने वाली आधिकारिक मतगणना के बाद स्पष्ट होगा। जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव प्रचार में दोनों पार्टियों ने झोंकी ताकत
बताते चलें कि घुमका नगर पंचायत चुनाव में भाजपा से वहीं कांग्रेस से पंजा छाप मे श्रीमती फूलबती वर्मा खड़ी हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती वर्मा ने बताया कि मतदान को लेकर नगरवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। विकास के लिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी को मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। वैसे कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए घुमका के ही निवासी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, प्रभारी रमेश डाकलिया, किसन खंडेलवाल विधायक हर्षिता गोस्वामी,पूर्व विधायक भूनेश्वर बघेल आदि सहित अन्य कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता डटे रहे। इसी तरह भाजपा की ओर से कमल छाप पर प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा खड़ी हुई है। उसके सहित पंद्रह पार्षदों को विजयी बनाने के लिए प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव के अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक रामजी भारती, विनोद खांडेकर, जीतेंद्र साहू, डोंगरगांव नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, किरण वैष्णव कोमल जंघेल, सौरभ कोठारी आदि जुटे रहे। भाजपा के लोग जहां प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और डबल इंजन की सरकार में नगर विकास को गति मिलने का भरोसा दिलाकर जनता को अपने पक्ष में किया गया, वहीं कांग्रेस द्वारा घुमका को नगर पंचायत का दर्जा देने सहित महंगाई से कराह रही जनता को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए जोर लगाया गया। कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे ने कहा कि महंगाई मुद्दे पर घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती फुलबती बाई का जीत सुनिश्चित है। इसी तरह भाजपा प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा ने घुमका की जनता पर पूरा भरोसा और विश्वास जताते हुए कहा कि यहां की देव तुल्य जनता नगर विकास के लिए उसे जरूर जीता कर लाएगी और उन्हीं के मुताबिक नगर का विकास किया जाएगा।
नगर पंचायत घुमका – वार्डवार वोटिंग डेटा
वार्ड नं. कुल मतदाता पड़े वोट प्रतिशत मतदान
1 242 226 93.4 प्रतिशत
2 320 304 95.0 प्रतिशत
3 114 111 97.4 प्रतिशत
4 233 212 91.0 प्रतिशत
5 260 246 94.6 प्रतिशत
6 127 124 97.6 प्रतिशत
7 155 147 94.8 प्रतिशत
8 265 257 97.0 प्रतिशत
9 265 256 96.6 प्रतिशत
10 114 108 94.7 प्रतिशत
11 171 168 98.2 प्रतिशत
12 126 122 96.8 प्रतिशत
13 329 307 93.3 प्रतिशत
14 198 194 98.0 प्रतिशत
15 289 278 96.2 प्रतिशत
कुल 3209 3060 95.36 प्रतिशत
कुल मतदान 95.36 प्रतिशत



