Home छत्तीसगढ़ बसंतपुर के पुराने तालाब में डूबने से 3 वर्षीय मासूम...

बसंतपुर के पुराने तालाब में डूबने से 3 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत…

28
0

राजनांदगांव (दावा)। शहर के बसंतपुर क्षेत्र के अंतर्गत कोढ़ी खाना रोड स्थित पुराने तालाब में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां नहाने के दौरान पानी में डूबने से एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची की अकाल मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मासूम की लाश को देखकर पीड़ित माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुबह लापता हुई बच्ची, डेढ़ घंटे बाद चला पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मर्माहत कर देने वाली घटना सोमवार, 1 जून की सुबह तकरीबन 8:30 से 9 बजे के बीच की है। बताया जाता है कि राजीव नगर बसंतपुर निवासी शेख तीरु और शहिमा की 3 वर्षीय मासूम बेटी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों और आसपास के लोगों को बच्ची के तालाब में डूबने की आशंका लगभग 10 बजे के करीब हुई। संदेह होने पर जब स्थानीय नागरिकों ने तालाब में खोजबीन शुरू की, तो बच्ची पानी के भीतर बेसुध मिली। लोगों ने आनन-फानन में मासूम को पानी से बाहर निकाला और सीधे जिला अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पूर्व पार्षद ने की आर्थिक सहायता देने की मांग
राजीव नगर बसंतपुर वार्ड के पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मृत बच्ची के माता-पिता अत्यंत गरीब हैं और मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। इस वज्रपात से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। श्री शास्त्री ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से पुरजोर निवेदन किया है कि वे इस संवेदनशील घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित गरीब माता-पिता को शासन के नियमानुसार अविलंब उचित आर्थिक मुआवजा व सहायता राशि मुहैया कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here