Home छत्तीसगढ़ आवारा व पालतू कुत्तों के नियंत्रण के लिए नगर निगम का बड़ा...

आवारा व पालतू कुत्तों के नियंत्रण के लिए नगर निगम का बड़ा अभियान, अब तक 1300 का बधियाकरण…

15
0

आगामी बजट में डॉग शेल्टर, टीकाकरण और हर वार्ड में फीडिंग प्वाइंट बनाने का प्रावधान

राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आवारा व पालतू कुत्तों के प्रभावी नियंत्रण तथा पशु स्वास्थ्य संरक्षण के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। शहर में बढ़ रही श्वानों (कुत्तों) की संख्या को नियंत्रित करने के लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 1300 आवारा कुत्तों का बधियाकरण (स्टेरलाइजेशन) किया जा चुका है। इसके साथ ही, अलग-अलग वार्डों से नागरिकों द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर आक्रामक, हिंसक एवं पागल कुत्तों को त्वरित रूप से पकडऩे की कार्रवाई भी निगम के मैदानी अमले द्वारा लगातार की जा रही है, ताकि जनहानि को रोका जा सके।

आगामी बजट में पशु कल्याण के लिए विशेष रोडमैप
नगर निगम ने इस समस्या के स्थायी समाधान और पशु स्वास्थ्य संरक्षण को मजबूत करने के लिए आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में कई महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी प्रावधान शामिल किए हैं। जिसमें आवारा कुत्तों को सुरक्षित रखने और उनकी उचित देखरेख के लिए शहर में एक सर्वसुविधायुक्त डॉग शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। कुत्तों को संक्रामक बीमारियों और रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए बड़े पैमाने पर डीवॉर्मिंग (कृमिनाशक दवा देना) और एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। पशु कू्ररता निवारण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक फीडिंग प्वाइंट (श्वानों के भोजन का स्थान) विकसित करने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम राजनांदगांव का यह समन्वित प्रयास एक ओर जहां शहरवासियों को आवारा कुत्तों के भय से मुक्ति दिलाएगा, वहीं दूसरी ओर बेजुबान पशुओं के स्वास्थ्य और संरक्षण को भी एक नई दिशा प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here